Earthquake: मोरक्को में जबरदस्त भूकंप, 300 लोगों की मौत, सैकड़ों घायल

Morocco Earthquake: अफ्रीकी देश मोरक्को में शुक्रवार देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। इस भूकंप के झटके इतने तेज थे कि कई इमारतें जमींदोज हो गई हैं। भूकंप की घटना में अब 300 लोगों की मौत हुई है वहीं, 153 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है। हालांकि अधिकारियों के मुताबिक, अभी मौत के आकड़े में बढ़ोत्‍तरी हो सकती है। बता दें कि रिक्‍टर स्‍केल पैमाने पर इसकी तीव्रता 6.8 मापी गई।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह भूकंप देर रात 11:11 बजे (2211 GMT) आया था। कुछ देर बाद ही इन जगहों पर भूकंप के ऑफ्टरशॉक भी महसूस किए गए जिनकी तीव्रता 4.9 मापी गई है। भूकंप से मरने वालों का आंकड़ा अभी काफी बढ़ सकता है। वहीं, अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक, भूकंप का केंद्र पर्यटन के लिए मशहूर मरक्केश शहर से 71 किमी दूर दक्षिण-पश्चिम में 18.5 किमी की गहराई में रहा।

वहीं, मोरक्को के गृह मंत्रालय के ने बताया कि इस भूकंप से सबसे ज्यादा नुकसान शहर के बाहर पुरानी बस्तियों को हुआ है। मोरक्को के सरकारी अल-औला टेलीविजन ने शनिवार को बताया कि घटना में 153 अन्य घायल हो गए। वहीं रॉयल मोरक्कन सशस्त्र बलों ने चेतावनी जारी की है कि भूकंप के झटके अभी और आ सकते हैं।

मोरक्को कई नागरिकों ने इससे जुड़े वीडियो और तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर डाली हैं, जिनमें इमारतों को ध्वस्त होने के बाद धूल के गुबार में बदलते देखा जा सकता है। खासकर मरक्केश में जिसे यूनेस्को की तरफ से विश्व धरोहर स्थल का दर्जा मिला है। यहां कई पर्यटकों ने भूकंप के बाद जान बचाने के लिए भागते और चिल्लाते लोगों के वीडियो भी पोस्ट किए हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *