चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन शुरु, जल्द खुलेंगे यमुनोत्री, गंगोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट

Uttarakhand: विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. उत्तराखंड सरकार ने यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आज सुबह 7 बजे से शुरू कर दी है. इस बार भी यात्रा पर जाने से पहले पंजीकरण कराना अनिवार्य किया गया है, ताकि यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा सके.

कब खुलेंगे धामों के कपाट?

सरकार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, चारधाम के कपाट अप्रैल में खुलने वाले हैं. सबसे पहले 19 अप्रैल को यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे. इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम और 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे. वहीं, श्री हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने की तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी.

कैसे करें रजिस्ट्रेशन?

श्रद्धालु घर बैठे ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. इसके लिए उत्तराखंड सरकार की आधिकारिक वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in पर जाकर अपनी जानकारी भरनी होगी. इसके अलावा गूगल प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से Tourist Care Uttarakhand मोबाइल ऐप डाउनलोड करके भी पंजीकरण किया जा सकता है.

भारतीयों के साथ-साथ विदेशी श्रद्धालुओं को दी गई सुविधा

प्रशासन का कहना है कि इससे यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या का बेहतर प्रबंधन किया जा सकेगा और सुरक्षा व सुविधाओं को भी सुचारु रूप से संचालित किया जा सकेगा. पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए भारतीय श्रद्धालुओं को आधार कार्ड के माध्यम से रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी गई है. वहीं विदेशी श्रद्धालुओं के लिए ई-मेल आईडी के जरिए पंजीकरण करने की व्यवस्था की गई है.

17 अप्रैल से शुरू होंगे ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन

इसके अलावा, जो श्रद्धालु ऑनलाइन पंजीकरण नहीं करा पाएंगे, उनके लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी. यह सुविधा यात्रा शुरू होने से दो दिन पहले यानी 17 अप्रैल से शुरू होगी. इसके लिए ऋषिकेश के ट्रांजिट कैंप, हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान और विकासनगर में विशेष पंजीकरण काउंटर स्थापित किए जाएंगे.

श्रद्धालुओं के जारी किए गए टोल फ्री नंबर

इसके अलावा श्रद्धालुओं की सहायता के लिए पर्यटन विभाग ने टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 0135-1364 भी जारी किया है, जो चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेगा. इस नंबर पर कॉल करके यात्री यात्रा से जुड़ी जानकारी, पंजीकरण प्रक्रिया और अन्य आवश्यक मदद प्राप्त कर सकते हैं.

इसे भी पढ़ें:-Gold Price Today: सोने के दामों में मामूली गिरावट, चांदी स्थिर, जानें अपने शहर का भाव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *