उत्तराखंड में 2027 मिशन पर बीजेपी का फोकस, सीएम धामी ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

Uttarakhand: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से अपना फोकस बढ़ा दिया है. देहरादून के हरिद्वार रोड स्थित कुआंवाला में आयोजित प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक बैठक में बूथ प्रबंधन, मतदाता सूची के पुनरीक्षण और चुनावी रणनीति को लेकर मंथन किया गया. बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व सांसद जमयांग त्सेरिंग नामग्याल, कैबिनेट मंत्री, विधायक, जिला प्रभारी और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे.

सर्वाधिक विधानसभा सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ बढ़ना होगा आगे’

प्रदेश में चल रहे संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कहा कि बीजेपी को आगामी चुनाव में अब तक की सर्वाधिक विधानसभा सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ना है. प्रदेश की जनता पार्टी के साथ खड़ी है, लेकिन कार्यकर्ताओं को प्रत्येक समर्थक मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराने और उसे मतदान केंद्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी निभानी होगी.

मतदाता सूची और एसआईआर पर रहा मुख्य फोकस

बैठक में एसआईआर और मतदाता सूची के शुद्धिकरण को लेकर विस्तारपूर्वक से चर्चा की गई. पूर्व सांसद जमयांग त्सेरिंग नामग्याल ने एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका समझाई. उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव के लिए त्रुटिहीन मतदाता सूची बेहद जरूरी है और संगठन को संवैधानिक प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग देना चाहिए.

धामी का मंत्र- ‘जहां कम, वहां हम’

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं से ‘जहां कम, वहां हम’ की नीति पर काम करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि जिन बूथों और क्षेत्रों में पार्टी का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा है, वहां संगठन को अधिक सक्रियता और मेहनत के साथ काम करना होगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व की अपेक्षाओं के अनुरूप उत्तराखंड में बीजेपी को बड़ी विजय दिलाने के लिए चुनाव प्रबंधन की कुशलता को और प्रभावी बनाना होगा. इसके लिए सही और त्रुटिहीन मतदाता सूची पहली महत्वपूर्ण सीढ़ी है.

सीएम ने बीएलए-2 कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने और लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने की अपील की. इसके अलावा संगठनात्मक जिम्मेदारियों का पूरी क्षमता और अनुशासन के साथ निर्वहन करने पर भी जोर दिया.

इसे भी पढ़ें:-रक्षा मंत्री आज करेंगे लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का लोकार्पण, केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और सीएम योगी भी रहेंगे मौजूद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *