सीएम योगी का सख्त निर्देश, प्रदेश के विद्यालयों में खाली न रहें शिक्षकों के पद

Uttar Pradesh: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों के संचालन को बेहतर बनाने के निर्देश दिए हैं। बीते दिनों लखनऊ में छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन पर बेहद गंभीर मुख्यमंत्री ने बृहस्पतिवार को समाज कल्याण विभाग की समीक्षा की।

बैठक में बताया गया कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में 93 जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय संचालित थे, जबकि वर्ष 2025-26 तक इनकी संख्या बढ़कर 103 हो गई है। इनमें 59 विद्यालय सीबीएसई और 44 विद्यालय यूपी बोर्ड से संबद्ध हैं। सीएम योगी ने शिक्षकों के खाली पद भरने और विद्यार्थियों की शैक्षणिक जरूरतों के अनुरूप मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा। बैठक में विभाग के मंत्री असीम अरुण भी मौजूद रहे।

अभ्युदय योजना की समीक्षा के दौरान साएम योगी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और योजना की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में बताया गया कि योजना 163 केंद्रों के माध्यम से संचालित है। इन केंद्रों पर 1783 इम्पैनल्ड शिक्षक हैं। यूपीएससी, पीसीएस, नीट, जेईई, एनडीए/सीडीएस सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए 23801 विद्यार्थी पंजीकृत हैं।

वंचित विद्यार्थियों को तत्काल छात्रवृत्ति
सीएम योगी ने कहा कि छात्रवृत्ति का लाभ प्रत्येक पात्र विद्यार्थी को समय से मिलना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति से वंचित विद्यार्थियों के लिए आवेदन पोर्टल तत्काल खोला जाए और हर हाल में दो अक्टूबर तक छात्रवृत्ति की धनराशि अंतरित कर दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *