वृंदावन के ओमैक्स मॉल में शटरिंग गिरने से तीन मजदूरों की मौत, चौथे की हालत गंभीर

Uttar Pradesh: मथुरा के वृंदावन में आज सुबह निर्माणाधीन ओमैक्स मॉल में शटरिंग गिरने से बड़ा हादसा हो गया. रुकमणि विहार स्थित मॉल में काम कर रहे चार मजदूर शटरिंग के मलबे में दब गए. हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हुआ है. घायल को प्राथमिक उपचार के बाद आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

काम के दौरान अचानक नीचे गिरी शटरिंग

रुकमणि विहार गोल चक्कर के पास ओमैक्स की ओर से मॉल का निर्माण कराया जा रहा है. जिसमें आज सुबह करीब सात बजे मजदूर शटरिंग का काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक शटरिंग टूटकर नीचे गिर गई और उसके मलबे में चार मजदूर दब गए. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल तुरंत हरकत में आ गए। राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया। घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। एक की हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला संयुक्त चिकित्सालय से आगरा रेफर कर दिया गया, जहां तीन मजदूरों की मौत हो गई। वहीं चौथे की हालत गंभीर है। 

पुलिस ने बताया कि मृतकों में पश्चिम बंगाल निवासी आलम, रिफ्यूल और नेपाल निवासी शिवराम है। वहीं पश्चिम बंगाल के ही 45 वर्षीय दिलदार की हालत गंभीर है। उनका उपचार चल रहा है। 

परिजनों का आरोप और मुआवजे की मांग
इस घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार वालों ने निर्माण कंपनी पर सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी और लापरवाही का सीधा आरोप लगाया है। उन्होंने पीड़ित परिवार के लिए 50 लाख रुपये के मुआवजे की मांग की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *