Uttar Pradesh: राज्य मंत्री रवींद्र जायसवाल ने उत्तर प्रदेश के 10 जनपदों के निबंधन कार्यालय भवनों का एनआइसी कार्यालय से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शिलान्यास किया।
इसमें प्रमुख रूप से लखनऊ के मोहनलालगंज, कुशीनगर का कप्तानगंज, अमरोहा के हसनपुर के उप निबंधन कार्यालय के नवीन भवनों का निर्माण कार्य कराया जाएगा। कार्यालय भवन निर्माण पर 23.98 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
इसके अतिरिक्त सीतापुर के उप महानिरीक्षक एवं सहायक महानिरीक्षक निबंधन के कार्यालय व न्यायालय के नवीन भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया। जनपद झांसी, मुरादाबाद, गोंडा व हरदोई के सदर कार्यालय के नवीन भवनों के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया है।
बता दे कि कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं को निर्देशित करते हुए स्टांप मंत्री ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराने के निर्देश दिये है। उन्होंने निबंधन विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य पर नजर रखने तथा स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित कराए जाने हेतु निर्देशित किया।
शिलान्यास कार्यक्रम में संबंधित स्थानों के जनप्रतिनिधि कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित रहे। इसमें प्रमुख रूप से नगर विकास राज्य मंत्री राकेश राठौर गुरु, कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही, कुशीनगर के सांसद विजय दुबे, विधायक रामकोला विनय कुमार गोंड, विधायक बबीना झांसी राजीव पारीछा, विधायक मोहनलालगंज अमरेश रावत, एमएलसी अशोक अग्रवाल उपस्थित रहे।