यूपी में LPG सिलेंडर क्राइसिस पर सीएम योगी सख्त, कालाबाजारी पर FIR दर्ज करने का आदेश

UP News: गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और जमाखोरी के मामलों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहे हैं. उन्होंने साफ शब्दों में कह दिया है कि जनता की जरूरत से जुड़े सामान के साथ कोई भी खिलवाड़ करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई तय है. मुख्यमंत्री का यह सख्त रुख सामने आते ही प्रशासनिक महकमा भी अलर्ट मोड में आ गया है और अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

कालाबाजारी करने वालों पर होगी एफआईआर 

सीएम योगी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यदि कोई वितरक एजेंसी अथवा निजी व्यक्ति कालाबाजारी या जमाखोरी में लिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोरतम कार्रवाई की जाए. उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आवश्यकता पड़ने पर एलपीजी वितरक केंद्रों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए, ताकि कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति न बने और वितरण कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके. 

एलपीजी संकट को लेकर योगी का निर्देश

प्रदेश सरकार ने यह भी कहा कि जिला स्तर पर आपूर्ति प्रणाली की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो. अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखें और जरूरत पड़ने पर औचक छापेमारी करें. सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराकर अनावश्यक बुकिंग या भंडारण न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें.

मुख्यमंत्री योगी ने दोहराया कि आम जनता को राहत देना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे. उनके सख्त निर्देशों को राज्य में उपभोक्ता हितों की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.

इसे भी पढ़ें:-स्टाफ नर्स और पैरामेडिकल के पदों पर भर्ती शुरु, जानें आवेदन की पूरी प्रक्रिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *