UP News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के अल्लाहगंज इलाके में एक कार की सामने से आ रही रोडवेज बस से बुधवार सुबह टक्कर हो जाने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई तथा दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी ने मीडिया को बताया कि लखीमपुर खीरी जिले के हैदराबाद कस्बे के रहने वाले कुछ लोग कार से इटावा जा रहे थे.
मौके पर ही तीनों युवकों की मौत
पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह करीब सात बजे बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे पर बरेली डिपो और कार के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में कार सवार हादसे में कार सवार 30 वर्षीय अरुण, 32 वर्षीय ऋषभ और 30 वर्षीय संजय की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं अनिल और गौरव निवासी मूड़ा भाई छतौनिया, थाना हैदराबाद, जिला लखीमपुर खीरी गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया.
कोहरे के कारण हादसे की आशंका
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि सुबह के समय इलाके में घना कोहरा था, जिसके कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है. थाना प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें:-मार्च में पहली बार दिसंबर-जनवरी जैसी धुंध, पर्यावरण विशेषज्ञ भी हैरान