Lucknow: जेवर एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए संचालित पहली उड़ान सोमवार को सुबह करीब 9:55 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंची. इस उड़ान की सबसे खास बात यह रही कि इसमें जेवर एयरपोर्ट परियोजना के लिए भूमि देने वाले 172 किसान शामिल थे, जिन्होंने पहली बार हवाई यात्रा का अनुभव किया.
लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने के बाद किसानों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी. पहली बार विमान में सफर करने का सपना पूरा होने पर किसानों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर संवाद किया. 172 किसानों के दल में 20 महिला किसान भी शामिल थीं. सभी किसान जेवर क्षेत्र से लखनऊ पहुंचे और मुख्यमंत्री से मुलाकात कर विभिन्न विकास कार्यों, विशेषकर क्षेत्र में हुए बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर आभार व्यक्त किया.
इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा, ‘अब आप सोचिए कि दिल्ली को फेल करने जा रहे हैं. दुनिया का हर बड़ा व्यक्ति वहां (जेवर) आना चाहता है. आप परी की बात कर रहे थे, अब तो वहां कुबेर आना चाहते हैं.’ किसानों इस बीच जमीन अधिग्रहण के समय नौकरी देने के वादे को पूरा करने की भी बात कही.
सीएम ने लखनऊ पहुंचे किसानों से कहा, ‘जेवर अब वह जेवर नहीं रहा. इसी क्षेत्र में उत्तरप्रदेश का सबसे अधिक आपराधिक गतिविधियों का क्षेत्र बन गया था. शाम होते ही आवागमन बंद हो जाता था. हर बेटी असुरक्षित थी. किसानों के लिए कोई सुविधा नहीं थी. किसानों का उत्पीड़न होता था, हम इसको देखते थे. सड़क, सुविधा व रोजगार भी नहीं था. ऐसी स्थितियों में दिल्ली के नजदीक जेवर मात्र एक कस्बा था, एक गांव था.’
इसे भी पढ़ें:-स्मार्टफोन खरीदते ही तुरंत कर लें ये 7 जरूरी सेटिंग्स! एक गलती पड़ सकती है भारी, जानिए पूरी जानकारी