Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में अपने सरकारी आवास पर जनता दर्शन किया. जनता दर्शन में लोगों की समस्या सुनने के साथ ही उन्होने कहा कि घबराइए नहीं हर समस्या का समाधान कराएंगे. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए.
सीएम ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं. उनके समक्ष समस्या रखने वालों में युवाओं के साथ बुजुर्ग और महिलाएं थीं. सीएम योगी आदित्यनाथ ने सौ से अधिक लोगों की समस्या को ध्यान से सुना और अधिकारियों को उनके प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध निराकरण का निर्देश दिया.
राजस्व और पुलिस मामलों में दिखी सख्ती
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतें भी पहुंचीं. मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ताओं से पूछा कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कब शिकायत दी थी और अब तक क्या कार्रवाई हुई. जहां मामलों में अनावश्यक देरी की बात सामने आई, वहां ने नाराजगी जताई. उन्होंने स्पष्ट कहा कि समयसीमा के भीतर शिकायतों का निस्तारण होना चाहिए.
खिलाड़ियों को दिया बड़ा संदेश
सीएम योगी ने जनता दर्शन में पहुंचे खिलाडियों से भी मुलाकात की. उन्होने उनका उत्साह बढ़ाया. उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन से तैयारी करें. उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे, उन्हें पुरस्कार राशि के साथ सरकारी नौकरी में भी प्राथमिकता मिलेगी. उन्होंने खिलाड़ियों को संदेश दिया कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और उसके लिए लगातार मेहनत करनी पड़ती है.
बच्चों को दी चॉकलेट, पढ़ाई की सीख भी
‘जनता दर्शन’ में कुछ अभिभावकों के साथ बच्चे भी पहुंचे. मुख्यमंत्री ने उनसे नाम और क्लास पूछा. उन्हें दुलारा-पुचकारा, फिर चॉकलेट दी. मुख्यमंत्री ने बच्चों से कुछ सवाल भी किए, फिर मन लगाकर पढ़ाई करने और खूब नाम कमाने का आशीर्वाद भी दिया.
इसे भी पढ़ें :-गोंडा में एफएसडीए की बड़ी कार्रवाई, छापेमारी के दौरान 1.13 करोड़ की नशीली दवाएं जब्त