Ghaziabad: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के निवाड़ी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात ट्रक और बोलेरो की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई. जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेते हुए ड्राइवर और उसके कंडक्टर को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक, बोलेरो वाहन नया खरीदा गया था। इस खुशी में वाहन में सवार होकर लोग दर्शन और गंगा स्नान के लिए हरिद्वार जा रहे थे। करीब 12:30 बजे सामने से आ रहे ट्रक से बोलेरो की आमने-सामने इतनी भीषण टक्कर हुई कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया। जहां तीन लोगों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान सरजीत(35) पुत्र खुशीराम, रतनलाल(22) पुत्र भजनलाल और रमेश(22) पुत्र छोटेलाल निवासी गांव कलगांव थाना तिजारा जनपद अलवर राजस्थान हैं। जबकि रोहताश, हुरमीत, अनिल और आशा देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में रोहताश की हालत गंभीर है जिसे गुड़गांव स्थित अस्पताल में रेफर किया गया है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर उसके ड्राइवर और क्लीनर को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इसमें ट्रक और बोलेरो की रफ्तार, सड़क की स्थिति, चालक की लापरवाही और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। वहीं, घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
इसे भी पढ़ें:-काशी विश्वनाथ धाम में प्रशासन ने विशेष दर्शन पर लगाई रोक, 6-7 घंटे तक लंबी हो सकती है लाइन