आज से शुरू हुआ भाद्रपद मास…

गोरखपुर। हिंदू पंचांग के पांचवे महीने श्रावण मास का रविवार को समापन हो गया। हिंदी पंचांग के छठे महीने भाद्रपद (भादों) की शुरूआत सोमवार यानी आज से हो गई है। यह महीना श्रीकृष्ण और गणेश जी के जन्म का महीना माना जाता है। 23 अगस्त से शुरू होकर भाद्र पद मास 20 सितंबर तक चलेगा। ज्योतिष आचार्य मनीष मोहन के अनुसार आइए जानते हैं भादो माह में कौन से पर्व एवं त्योहार पड़ेंगे। कजरी तीज का पर्व भाद्रपद की कृष्ण पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाता है। इस साल यह पर्व 25 अगस्त को मनाया जाएगा। यह पर्व सुहागन महिलाओं के लिए खास होता है। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार 30 अगस्त को मनाया जाएगा। ऐसी मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण जी का जन्म भाद्रपद मास कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को रोहिणी नक्षत्र में मध्यरात्रि के समय हुआ था। अजा एकादशी का व्रत भाद्रपद की कृष्ण पक्ष की एकादशी को रखा जाता है। जो इस बार तीन सितंबर को अजा एकादशी का व्रत रखा जाएगा। भाद्रपद मास को पड़ने वाली अमावस्या को पिठौरी अमावस्या के रूप में मनाया जाता है। इस साल पिठौरी अमावस्या छह सितंबर को होगी। इस दिन पड़ने वाली अमावस्या को पिठौरी अमावस्या या फिर कुशग्रहणी अमावस्या के नाम से भी जाना जाता है। सुहागन महिलाएं के लिए बेहद ही खास माना जाने वाला हरितालिका तीज इस बार 9 सितंबर को मनाया जाएगा। इस दिन महिलाएं पूरे दिन निर्जला व्रत रहकर शाम को माता पार्वती और भगवान शिव की पूजा-अर्चना करती हैं। ऐसी मान्यता है कि भगवान गणेश का जन्म भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष कि चतुर्थी तिथि को हुआ था। इस साल गणेश चतुर्थी का पर्व 10 सितंबर को मनाया जाएगा।सृष्टि के शिल्पकार कहे जाने वाले भगवान विश्वकर्मा की जयंती 17 सितंबर को मनाई जाएगी। इस दिन विधि भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा की जाती है। भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को परिवर्तनी एकादशी के रूप में मनाया जाता है। इस दिन जगत पालनहार भगवान विष्णुजी की उपासना की जाती है। इस साल यह 17 सितंबर को मनाई जाएगी। भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को अनंत चतुर्दशी के रूप में मनाया जाता है। इस साल यह पर्व 19 सितंबर को मनाई जाएगी। इस दिन भगवान विष्णु के अनंत रूप की और भगवान गणेश की पूजा की जाती है। भाद्रपद माह में आने वाली पूर्णिमा को भाद्रपद पूर्णिमा कहते हैं। इस साल यह पूर्णिमा 20 सितंबर को पड़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *