Rajasthan: राजस्थान के कोटपूतली जिले में अवैध रूप से संचालित किए जा रहे स्क्रैप गोदाम में आग लग गई. आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई है. मृतकों में एक महिला-एक पुरुष और दो बच्चों के शामिल होने की आशंका है. आग में जले हुए शव पूरी तरह कंकाल बन चुके हैं और उनकी पहचान होना कतई संभव नहीं है.
नीमराना क्षेत्र में हुआ हादसा
यह घटना कोटपूतली जिले के नीमराना इलाके में हुई, जहां अवैध रूप से बड़े पैमाने पर स्क्रैप गोदाम संचालित किया जा रहा था. आग लगने के दौरान गोदाम में लगातार धमाके भी होते रहे, जिससे हालात और गंभीर हो गए.
हादसे में दो लोग लापता
इस हादसे में एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं दो अन्य लोगों के लापता होने की खबर है, जिनकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया गया.
DNA से होगी मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट कराया जाएगा. प्रशासन के अनुसार शवों की हालत इतनी खराब है कि सामान्य तरीके से पहचान संभव नहीं है.
क्या है आग लगने की वजह?
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, परफ्यूम की बोतल से निकले केमिकल के कारण आग भड़की हो सकती है. इसके अलावा यह भी आशंका जताई जा रही है कि पिकअप वैन के ड्राइवर द्वारा जलाई गई बीड़ी से भी आग लग सकती है. बताया जा रहा है कि इस गोदाम में आग बुझाने के कोई पर्याप्त इंतजाम नहीं थे. बड़ी मात्रा में केमिकल से भरे ड्रम मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गई और हालात काबू से बाहर हो गए.
घंटों की मशक्कत के बाद पाया गया काबू
शुक्रवार देर शाम लगी इस आग को बुझाने में फायर ब्रिगेड को करीब 6 घंटे का समय लगा. मौके पर पहुंची टीमों ने कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया. घटना के बाद एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया गया है. गोदाम संचालक करण सिंह के खिलाफ भी जांच की जा रही है. प्रशासन और स्थानीय लोग मिलकर अंदर फंसे लोगों को बचाने में जुटे रहे.
इसे भी पढ़ें:-उत्तराखंड बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट जारी, हाईस्कूल में अक्षत गोयल तो इंटरमीडिएट में गीतिका ने किया टॉप