Shri Jagannath Temple: श्री जगन्नाथ मंदिर पुरी में आज रुक्मिणी हरण और विवाह उत्सव आयोजित किया जा रहा है। इस विशेष उत्सव और गुप्त अनुष्ठानों के कारण 5 घंटों के लिए मंदिर के कपाट बंद हो जाएंगे, मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि जो भक्त गुरुवार को दर्शन के लिए पुरी आने की योजना बना रहे हैं। वे सुबह के समय ही अपना दर्शन कर लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
धार्मिक परंपराओं में से एक
जानकारी के अनुसार ज्येष्ठ शुक्ल एकादशी तिथि पर भगवान श्रीकृष्ण और देवी रुक्मिणी के दिव्य विवाह से जुड़े रुक्मिणी हरण एवं विवाह उत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह श्री जगन्नाथ मंदिर की प्राचीन और महत्वपूर्ण धार्मिक परंपराओं में से एक है। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण द्वारा राजकुमारी रुक्मिणी के हरण और उनके दिव्य विवाह की पवित्र रस्में मंदिर में विधि-विधान के साथ संपन्न की जाएंगी। इन विशेष नीतियों के सुचारु और निर्विघ्न आयोजन को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन ने आम श्रद्धालुओं के दर्शन पर अस्थायी रोक लगाने का निर्णय लिया है।
सूचना के मुताबिक, प्रथम भोग मंडप की पूजा पूरी होने के बाद दोपहर 1:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन आम श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेंगे। मंदिर प्रशासन का कहना है कि यह विशेष धार्मिक आयोजन मंदिर की परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसकी पवित्रता बनाए रखने के लिए दर्शन व्यवस्था में यह अस्थायी बदलाव लिया गया है।
मंदिर में भक्तों की संख्या बढ़ने की संभावना
हर साल आयोजित होने वाला रुक्मिणी हरण एवं विवाह उत्सव श्रद्धालुओं के बीच विशेष धार्मिक महत्व रखता है। लेकिन ऐसे में इस अवसर पर मंदिर में भक्तों की संख्या बढ़ने की भी संभावना जताई जा रही है। इसी कारण प्रशासन ने पहले ही दर्शन के समय में बदलाव की जानकारी सार्वजनिक कर दी है, ताकि श्रद्धालु अपनी यात्रा और दर्शन की योजना उसी के अनुसार बना सकें।