Maharashtra: महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में शनिवार की सुबह दहशत भरी रही. हिंगोली और नांदेड़ सहित आसपास के कई जिलों में भूकंप के झटके महसूस किए गए. रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 4.7 मापी गई है. शनिवार, 11 अप्रैल 2026 की सुबह जब लोग अपने रोजमर्रा के कामो में जुटे थे, तभी अचानक आए इस भूकंप ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया.
सुबह 8:45 बजे कांपी धरती
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र हिंगोली के पास जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में था. यह घटना सुबह ठीक 8:45 बजे हुई. भूकंप की तीव्रता इतनी अधिक थी कि इसके झटके केवल हिंगोली ही नहीं, बल्कि नांदेड़, परभणी, वाशिम और यवतमाल जैसे पड़ोसी जिलों में भी साफ रूप से महसूस किए गए.
कम्यूनिटी हॉल में दरार
हिंगोली कलेक्टर गुप्ता ने कहा, “मुझे हिंगोली जिले के पंगरा शिंदे गांव में घरों और कम्युनिटी हॉल में दरारें दिखने वाली तस्वीरें मिली हैं. हमारी टीमें स्थिति का जायजा लेने और नुकसान की सही मात्रा रिकॉर्ड करने के लिए मौके पर जा रही हैं.”
कॉलेज में महसूस हुए झटके
नांदेड़ में एक कॉलेज टीचर ने कहा, “जब मैं अपने कॉलेज के स्टाफ रूम में बैठकर अपना काम कर रहा था. मुझे अचानक कंपन महसूस हुआ. जब मैंने एक अलग आवाज सुनी, तो मैं कन्फ्यूज़ हो गया. फिर मुझे एहसास हुआ कि यह हल्का भूकंप था.”
इसे भी पढ़ें:-दिल्ली सरकार ने जारी किया नई EV पॉलिसी का ड्राफ्ट, इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम