Maharashra: महाराष्ट्र के जलगांव में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बंभोरी फ्लाईओवर पर कार और कंटेनर की जोरदार टक्कर में 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान पंकज प्रकाश चौधरी, हरीश हिम्मत चौधरी और रवींद्र अरुण चौधरी के रूप में हुई है। तीनों धरणगांव तालुका के झुरखेड़े गांव के रहने वाले थे और आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक हादसा रात करीब 9:30 बजे हुआ। तीनों युवक भुसावल के वनोली में देवी यात्रा (मेला) में अपने एक रिश्तेदार को छोड़ने गए थे। वहां से लौटते हुए वे जलगांव होते हुए अपने गांव झुरखेड़े जा रहे थे। इसी दौरान बंभोरी पुल पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। हादसे में तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर के बाद कंटेनर भी फ्लाईओवर से नीचे गिरते-गिरते बचा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।