फरीदाबाद जेल में बंद आतंकी अब्दुल रहमान की हत्या, अयोध्या को दहलाने की रची थी साजिश

Haryana: हरियाणा के फरीदाबाद की नीमका जेल में बंद आतंकी अब्दुल रहमान की हत्या कर दी गई है. हत्या का आरोप जेल में ही बंद कैदी अरुण चौधरी पर लगाया गया है. अरुण को कुछ ही दिन पहले नीमका जेल में शिफ्ट किया गया था. जानकारी के मुताबिक अब्दुल पर किसी नुकीले हथियार से हमला किया गया. सूचना मिलते ही जेल अधिकारी मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी. अब्दुल की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. सूचना के मुताबिक हत्या देर रात की गई.

झगड़े के दौरान हुई आतंकी की हत्या

बताया जा रहा है रविवार रात करीब 2:30 बजे दोनों के बीच झगड़ा हुआ. झगड़े के दौरान अरुण चौधरी ने किसी नुकीली वस्तु से आतंकी अब्दुल रहमान के सिर पर गहरी चोट मार दी. जिससे वह वहीं पर लहूलुहान हो गया. इस पर जेल के वार्डन ने उसे जेल में ही स्थित अस्पताल में पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने अब्दुल रहमान को मृत घोषित कर दिया. इस आतंकी की मौत के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है. आनन फानन में इस मामले की सूचना आला अधिकारियों को दी गई.

संदिग्ध आतंकी की गिरफ्तारी

संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान का संबंध राम मंदिर को निशाना बनाने की एक बड़ी साजिश से था. उसे 2 मार्च 2025 को गुजरात एटीएस और हरियाणा एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई में पाली इलाके से गिरफ्तार किया था. उसकी गिरफ्तारी के बाद से ही वह फरीदाबाद की नीमका जेल में बंद था. उसकी हत्या ने जेल सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

कौन है अब्दुल रहमान

अब्दुल रहमान अयोध्या के मजनाई का रहने वाला है. वह ई-रिक्शा चलाता था और पिता की चिकन की दुकान को संभालता था. अब्दुल रहमान शुरू में अपनी अम्मी के मोबाइल पर यू-ट्यूब व फेसबुक चलाता था. इसी दौरान वह तालीबान, इस्लामिक स्टेट के वीडियो व दुनिया में मुसलमानों पर हो रहे अत्याचार के वीडियो देखने लगा.

इसे भी पढ़ें:-जंग के मैदान में तबाही मचा सकते है ये खतरनाक हथियार, एक तो पूरे देश को कर सकता है साफ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *