गैस सिलेंडर में धमाका, 2 लोगों की दर्दनाक मौत, 9 गंभीर

Surat: गुजरात के सूरत शहर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां एक बिल्डिंग में आग लगने के बाद गैस सिलेंडरों में धमाका हो गया. जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 अन्य लोग झुलसकर घायल हो गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना के बाद दमकल की 4 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गईं.

बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर लगी आग

फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 5:30 बजे भरतनगर के कपोदरा इलाके में रचना सर्कल के पास एक इमारत में हुई. जिसकी तीसरी मंजिल पर एक एंब्रॉयडरी यूनिट चल रही थी, जहां अचानक आग लग गई. जिसके कुछ ही देर बाद वहां रखे गैस सिलेंडरों में धमाके होने लगे. अधिकारियों ने बताया कि बिल्डिंग में कुल आठ गैस सिलेंडर रखे हुए थे, जिनमें से दो सिलेंडर फट गए. इन धमाकों के कारण आग और भी तेजी से फैल गई, जिससे स्थिति और भयावह हो गई.

दमकलकर्मी ने 11 लोगों को बचाया

घटना की सूचना मिलते ही चार अलग-अलग फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. लेकिन उससे पहले ही एक सिलेंडर आग की चपेट में आने से फट चुका था.  फायरमैनों ने इमारत के तीसरे फ्लोर पर लगी शीट तोड़ी और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला. कुल 11 लोगों को बचाया गया. जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. इनमें से 9 लोग मामूली से मध्यम रूप से झुलसे हुए हैं, जबकि दो लोगों की मौत हो गई.

आग वाली जगह से 8 गैस सिलेंडर बरामद

​घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस और दमकल विभाग को कारखाने से लगभग 8 गैस सिलेंडर मिले हैं, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है. रिहायशी या औद्योगिक इकाई में इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडरों की मौजूदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है.

जांच में जुटी पुलिस और FSL की टीमें

फिलहाल पुलिस की टीम जांच कर रही है कि संकट के समय में भी बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर की सप्लाई किसने की. गनीमत रही कि 8 सिलेंडर में से सिर्फ दो ही सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ. पुलिस और FSL की टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है.

इसे भी पढ़ें:-चैत्र नवरात्रि का पावन उत्सव आज से शुरू, पहले दिन मां शैलपुत्री की करें आराधना, जानें पूजा विधि-मंत्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *