Saharanpur encounter: बिहार का कुख्यात और 1.25 लाख रुपये का इनामी बदमाश लल्लन सिंह उर्फ ललन सिंह को एसटीएफ ने मुठभेड़ में ढ़ेर कर दिया. सोमवार सुबह सरसावा-नकुड़ मार्ग पर हुई इस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल लल्लन सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस उसके एक फरार साथी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है.
पुलिस के अनुसार, लल्लन सिंह बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के आनंदगोलवा गांव का रहने वाला था. वह लंबे समय से उत्तर प्रदेश और बिहार पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था.
साथी मौके से भाग निकला
21 जून की रात एसटीएफ एएसपी लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम सहारनपुर जिले में सरसावा-नकुर मार्ग पर संदिग्ध वाहनों और अपराधियों की तलाश में चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान टीम को बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिली. घेराबंदी करने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में ललन सिंह गोली लगने से घायल हो गया. जबकि, उसका एक साथी मौके से भाग निकला. घायल बदमाश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरसावा ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया. जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
दो दरोगा की भी की थी हत्या
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, लल्लन सिंह बेहद खतरनाक अपराधी था और उसके खिलाफ हत्या, बैंक डकैती, कैश वैन लूट, हथियार लूट तथा पुलिसकर्मियों पर हमले समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज थे. उस पर सात लोगों की हत्या का आरोप था. मारे गए लोगों में दो दारोगा, एक बैंक कैशियर और एक निजी सुरक्षा गार्ड भी शामिल थे.
सनसनीखेज घटना में था वांछित
2022 में वाराणसी में एक उपनिरीक्षक को गोली मारकर उनकी सरकारी पिस्टल लूटने की सनसनीखेज घटना में भी वह वांछित था. इसके अलावा चंदौली में फायरिंग और लूट की वारदात में भी उसका नाम सामने आया था. वह अपने भाइयों और गैंग के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कई बड़ी आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुका था.
इसे भी पढ़ें:-कहीं भारी बारिश तो कहीं लू का अलर्ट, इन राज्यों में चलेगी आंधी