आंध्र प्रदेश में दक्षिण एनर्जी प्लांट में लगी भीषण आग, 2 कर्मचारियों की जलकर मौत, दो अंदर फंसे

Visakhapatnam: आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली जिले के पारावाड़ा स्थित फार्मा सिटी में मौजूद दक्षिण एनर्जी इंडस्ट्रीज में मंगलवार को भीषण आग लग गई. इस हादसे में अब तक दो मजदूरों की मौत की खबर है, जबकि कई अन्य कर्मचारी घायल हो गए हैं. आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है. स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, प्लांट में रखे गए प्लास्टिक के बड़े भंडार के कारण आग और भड़की हो सकती है.

सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और बचाव दल की टीमें मौके पर पहुंच गईं और तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया. वहीं, फैक्ट्री के अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है. हादसे में घायल हुए कर्मचारियों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. मृतकों की पहचान त्रिनाथ और वेंकटेश के रूप में हुई है. दोनों ही अनाकापल्ले जिले के अच्युतापुरम के रहने वाले थे. 

जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में सामान्य तौर पर हर शिफ्ट में 30 से 50 कर्मचारी काम करते हैं. हालांकि आग लगने के समय परिसर में कितने लोग मौजूद थे और कितने लोग सुरक्षित बाहर निकल पाए, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने और परिसर की जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी.

इसे भी पढ़ें:-केंद्रीय राज्यमंत्री जॉर्ज कुरियन ने अपने पद से दिया इस्तीफा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *