Sikkim: नामची जिले के सामरदुंग (झोलुंगे) स्थित एनएचपीसी की निर्माणाधीन तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की सुरंग में हुए हादसे में मृतकों की संख्या 10 हो गई है. जिला प्रशासन ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की है. इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली. प्रधानमंत्री ने चल रहे बचाव अभियान की समीक्षा करते हुए राज्य सरकार को केंद्र की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया.
जिला प्रशासन को दोपहर करीब 3:40 बजे घटना की सूचना मिली. इसके बाद NDRF, SDRF, जिला पुलिस और फायर सर्विस की टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया. इसके अलावा बंगाल से भी एक विशेष रेस्क्यू टीम बुलाई गई है. यह टीम गैस से बचाव के लिए विशेष सुरक्षा उपकरणों के साथ पहुंची है. हालात के मद्देनजर एंबुलेंस भी तैनात कर दी गई हैं.
प्रधानमंत्री मोदी ने इस त्रासदी पर गहरी चिंता व्यक्त की और प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने राज्य सरकार को बचाव अभियान और राहत उपायों के लिए केंद्र से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया. मुख्यमंत्री तमांग ने प्रधानमंत्री के त्वरित हस्तक्षेप और निरंतर समर्थन के लिए धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र के आश्वासन ने राज्य प्रशासन को शक्ति और भरोसा प्रदान किया है, क्योंकि बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें:-गाजियाबाद-दिल्ली रूट पर बड़ा रेल हादसा टला, मालगाड़ी के 6 डिब्बे पटरी से उतरे; कई ट्रेनें रद्द