मणिपुर में फिर बढ़ा तनाव, कई घरों में आगजनी और गोलीबारी, 5 दिन के लिए इंटरनेट बंद

Manipur: मणिपुर के उखरुल जिले के लिटान गांव में मंगलवार तड़के गोलीबारी की घटना सामने आई. कई राउंड गोलियों की आवाज सुनाई दी, जिससे निवासियों में डर और दहशत फैल गई. खबरों के मुताबिक, रात और तड़के कई नए घरों में आग लगा दी गई. शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, कल शाम तक 21 घर जल चुके थे. रात और तड़के हुई घटनाओं के कारण यह संख्या बढ़कर लगभग 30 या शायद इससे भी ज्यादा हो गई है, हालांकि सटीक आंकड़ा अभी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं किया गया है.

पूरे जिले में कर्फ्यू

पुलिस के अनुसार, लिटान सारेइखोंग इलाके में हुई गोलीबारी और आगजनी की यह घटना एक दिन पहले दो तांगखुल नगा संगठनों द्वारा उखरुल और कामजोंग जिलों में कुकी समुदाय की आवाजाही पर पाबंदी लगाए जाने के बाद हुई. प्रशासन ने पूरे जिले में कर्फ्यू लगा दिया है. 

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ”सशस्त्र लोगों ने लिटान सारेइखोंग में खाली पड़े कुछ मकानों में आग लगा दी और गोलीबारी की. स्थिति तनावपूर्ण है और सुरक्षा बल हालात पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं.” उन्होंने बताया कि मणिपुर सरकार ने एहतियाती तौर पर पर उखरुल जिले के राजस्व क्षेत्र में ब्रॉडबैंड, वीपीएन और वी-सैट से चलने वाली इंटरनेट सेवाओं को 5 दिन के लिए सस्पेंड करने का आदेश दिया है. 

जल चुके हैं 21 मकान, स्थिति अब भी तनावपूर्ण

पिछले 2 दिन से लिटान सारेइखोंग और आसपास के कुकी बहुल गांवों से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित सैकड़ों कुकी और तांगखुल नगा ग्रामीण सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं. कई ग्रामीणों ने कुकी बहुल कांगपोकपी जिले के मोटबुंग और सैकुल के कुछ हिस्सों में शरण ली है.

शांति बनाए रखने की गई अपील

इस बीच मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने सोमवार को शांति बनाए रखने की अपील की थी. उन्होंने दोनों समुदायों के लोगों से संयम बरतने को कहा. हालात को देखते हुए एक आपात बैठक भी बुलाई गई थी. इस बैठक में डिप्टी सीएम लोसी डिखो, विधायक राम मुइवाह और किमनेओ हाओकिप समेत कई अधिकारी मौजूद थे. बैठक में हिंसा रोकने और समाधान निकालने पर चर्चा हुई, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका. प्रशासन का कहना है कि फिलहाल किसी के घायल या मारे जाने की खबर नहीं है, जो राहत की बात है.

इसे भी पढ़ें:-पिरामिड के आश्चर्य करने वाले रहस्य! जानकर रह जाएंगे हैरान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *