Rajasthan Politics: कांग्रेस MLA राजेंद्र गुढ़ा ने थामा शिवसेना का हाथ, सीएम शिंदे ने दिलाई शपथ

Rajasthan Politics: राजस्‍थान में ‘लाल डायरी’ को लेकर सरकार के खिलाफ धरना देने वाले बर्खास्त मंत्री और कांग्रेस विधायक राजेंद्र गुढ़ा ने  पार्टी छोड़ दिया है। राजेंद्र गुढ़ा आज यानी 9 सितंबर को शिवसेना में शामिल हो गए हैं। गुढ़ा में आयोजित कार्यक्रम में अपने बेटे के जन्म दिन पर महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने शिवसेना की सदस्यता ग्रहण करवाई है। राजेंद्र गुढ़ा के बेटे शिवम गुढ़ा के जन्मदिन के मौके पर महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे उदयपुरवाटी आए थे। लिबर्टी फार्महाउस पर आयोजित कार्यक्रम में राजेंद्र गुढ़ा शिवसेना में शामिल हुए हैं।

सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा- आज महाराष्ट्र और राजस्थान की धरोहर का मिलन हुआ
जनसभा में महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि राजस्थान और महाराष्ट्र  शूरवीरों की धरती है। महाराष्ट्र में वीर शिवाजी और राजस्थान में महाराणा प्रताप बड़े योद्धा थे। राजस्थान के इस क्षेत्र से देश के सपूतों ने सेना में रहकर कुर्बानियां दी हैं। आज राजेंद्र गुढ़ा का शिवसेना में पदार्पण हुआ है। इससे महाराष्ट्र और राजस्थान की धरोहर का मिलन हुआ है। सीएम शिंदे ने राजेंद्र गुढ़ा को शपथ भी दिलाई। उन्‍होनें कहा बाला साहब ठाकरे के विचार वाली शिवसेना देश के 25 राज्यों में संगठनात्मक रूप से काम कर रही है। सीएम गहलोत पर तंज करते हुए एकनाथ शिंदे ने कहा कि आज राजेंद्र गुढ़ा के पुत्र का जन्मदिन है। जन्मदिन पर मैं इनको बधाई देता हूं। लेकिन, जन्मदिन पर यहां सीएम अशोक गहलोत भी आए थे, उन्होंने कहा था कि राजेंद्र गुढ़ा नहीं होते तो मेरी सरकार नहीं बचती और मेरी जगह कोई और मुख्यमंत्री होता। राजेंद्र गुढ़ा ने क्या गलती की?  इन्होंने तो केवल भ्रष्टाचार और महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाया था। जो अपने स्वार्थ के लिए नहीं, जनहित में उठाया था। लेकिन, इन्हें मंत्री पद से बर्खास्त कर दिया। इसका जवाब तो चुनाव में जनता देगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *