Nitin Gadkari: नागपुर में राष्ट्र निर्माण समिति के अखंड भारत संकल्प दिवस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भारत को महाशक्ति और विश्वगुरु बनाने पर जोर दिया है. उन्होंने कहा कि अगर भारत हर क्षेत्र में मजबूत होगा तो दुनिया निश्चित रूप से हमारी बात सुनेगी. इसकें साथ ही उन्होंने भारत को अखंड बनाने का संकल्प भी लेने को कहा.
उन्होंने 14 अगस्त का जिक्र करते हुए कहा कि हम इस दिन को इसलिए याद करते हैं क्योंकि 1947 में इसी दिन देश का विभाजन हुआ था. इस दिन भारत और पाकिस्तान अलग-अलग हुए. हम सभी एक मिशन के रूप में स्वीकार करते हैं कि हमारे देश का विभाजन अप्राकृतिक था और एक दिन हमारा देश अखंड हो जाएगा. यही संकल्प हम आज इस कार्यक्रम में ले रहे हैं.
सभी भारतीयों के प्रयासों से पूरा होगा देश को विश्व गुरु बनाने का संकल्प
केंद्रिय मंत्री ने भारत की विविधता में एकता की प्रशंसा और देश की सशस्त्र सेनाओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था, दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के साथ-साथ आत्मनिर्भर और विश्वगुरु बनाने का संकल्प लिया है. ये संकल्प तभी पूरा होगा जब पूरे भारत के लोग प्रयास करेंगे
गडकरी ने कहा कि यदि हम हर क्षेत्र में मजबूत होंगे, तो निश्चित रूप से दुनिया हमारी बात सुनेगी. जो लोग अर्थशास्त्र, रक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी में मजबूत हैं. जो लोग कृषि और व्यापार में प्रगति कर रहे हैं और जिस देश के नागरिक देशभक्त और सुसंस्कृत हैं, वही देश विश्वगुरु बन सकता है.
एक महाशक्ति देश बनाने का भी संकल्प
अखंड भारत के विचार को बढ़ावा देने के लिए केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्र निर्माण समिति की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि आज जब हम अखंड भारत का संकल्प ले रहे हैं, तो हमें एक महाशक्ति देश बनाने का भी संकल्प लेना चाहिए जो प्रगतिशील, समृद्ध और शक्तिशाली हो. इसके अलावा, उन्होंने इस दौरान सड़क दुर्घटनाओं पर भी चिंता जताई. साथ ही उन्होंने युवाओं में सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के बारे में जागरूकता पैदा करने पर जोर दिया.
इसे भी पढें:- स्वतंत्रता दिवस से पहले गृह मंत्रालय का बड़ा ऐलान, वीरता और सेवा पदक से नवाजे जाएंगे 1090 कर्मी