BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पहुंचे कर्नाटक, विपक्ष पर साधा निशाना

कर्नाटक। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कर्नाटक के दो दिवसीय दौरे पर हैं। यहां पहुंचने पर तुमकुरु में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। यहां उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर जोरदार हमला किया। साथ ही उन्होंने वैश्विक हालातों और कोरोना महामारी का जिक्र करते हुए भारत की अर्थव्यवस्था के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि तमाम वैश्विक उथल-पुथल के बावजूद भी भारत की अर्थव्यवस्था स्थिर है।

कर्नाटक के तुमकुरु में शक्ति केंद्र प्रमुख सम्मेलन में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा ने विपक्ष पर जोरदार हमला किया। जे पी नड्डा ने इस दौरान कांग्रेस पर भ्रष्टाचार करने और भारत में जातिवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का दूसरा नाम भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी जातिवाद है। हमारा मिशन सेवा करना है और इनका मिशन कमीशन लेना है। ये भाई को भाई से लड़ाते हैं।

उन्होंने वैश्विक हालातों का जिक्र करते हुए कहा कि कोविड और यूक्रेन युद्ध के बाद कई ताकतवर देश लड़खड़ा रहे हैं। चीन में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है। यहां तक कि संयुक्त राज्य अमेरिका और यूरोप भी आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं, लेकिन भारत की अर्थव्यवस्था स्थिर है, यह ब्रिटेन को पीछे छोड़ पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।

दो दिवसीय दौरे पर हैं भाजपा अध्यक्ष नड्डा
कर्नाटक में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। जिसके लिए भारतीय जनता पार्टी ने अभी से अपनी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पांच और छह जनवरी को कर्नाटक के दो दिवसीय दौरे पर हैं।

भाजपा द्वारा जारी बयान के मुताबिक,  वह शुक्रवार को हरिहर, कनक और वाल्मीकि गुरु मठों में पंचमसाली मठ भी जाएंगे। इसके बाद वह दावणगेरे में बूथ स्तरीय पार्टी बैठक में शामिल होंगे। बाद में वे तुमकुरु जिले के सिरा में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *