Entertainment: पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने इंदौर में अपने लाइव कॉन्सर्ट के जरिए दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। हालांकि, इस कार्यक्रम में संगीत के साथ-साथ विरोध और जवाबी तेवर भी देखने को मिले। दिलजीत ने दावा किया कि उनके इंदौर शो को रुकवाने की कोशिशें हुई थीं, लेकिन उन्होंने प्रशंसकों से किया अपना वादा निभाया और कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मशहूर शायर राहत इंदौरी की चर्चित पंक्तियां सुनाकर अपने अंदाज में विरोधियों को जवाब दिया। उनकी शायरी में ‘किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है’ वाली पंक्ति ने खास ध्यान खींचा।
महाकाल के जयकारे के साथ दिलजीत दोसांझ ने दिखाए अपने तेवर
कॉन्सर्ट की शुरुआत दिलजीत दोसांझ ने दर्शकों से ‘जय श्री महाकाल’ का उद्घोष करवाकर की, इसके बाद उन्होंने मंच से उन पाबंदियों और विरोध की कोशिशों पर अपनी बात रखी, जिनका सामना उनके शो को करना पड़ा, सिंगर ने कहा कि ये नहीं गाना, वो नहीं गाना, ये नहीं कर सकते, वो नहीं कर सकते। देखो, ये महाकाल की धरती है और यहां आने से हमें कोई रोक नहीं सकता। ना तो हम पहले डरे और ना डरते हैं आज। जय श्री महाकाल।
उनके इस बयान पर कॉन्सर्ट में मौजूद दर्शकों ने जमकर प्रतिक्रिया दी। इसके बाद दिलजीत ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए राहत इंदौरी की शायरी का सहारा लिया।
राहत इंदौरी की शायरी से दिया जवाब
दिलजीत ने मंच से दिवंगत शायर राहत इंदौरी की मशहूर गजल की कुछ पंक्तियां पेश कीं। उन्होंने कहा कि हमारे मुंह से जो निकले वही सदाकत है, हमारे मुंह में तुम्हारी जबान थोड़ी है। अगर खिलाफ़ है, होने दो, जान थोड़ी है, ये सब धुआं है, कोई आसमां थोड़ी है। सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है। इस शायरी के जरिए दिलजीत ने विरोध के बीच अपनी बात रखी। कॉन्सर्ट में उनका यह अंदाज भी चर्चा का विषय बन गया।