Varanasi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वां जन्मदिन के अवसर पर उनकी लंबी आयु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई। इस विशेष अवसर पर कई प्रमुख हस्तियां वाराणसी पहुंचीं। आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत दिग्गजों ने श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में विधि-विधान से पूजन किए। पूजन कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी उपस्थित रहे।
PM मोदी के बर्थडे पर राजनाथ सिंह और सीएम योगी ने की पूजा
बता दें कि वाराणसी में राजनाथ सिंह, चंद्रबाबू नायडू, चिराग पासवान और सीएम योगी आदित्यनाथ ने पूजा पाठ किया। इस दौरान, पीएम मोदी की दीर्घायु और मंगलकामना के लिए 11 हवन कुंडों पर आहुतियां दी गईं। पुरोहितों ने इस दौरान विशेष मंत्रोच्चार किया। बाबा विश्वनाथ का महारुद्राभिषेक भी किया गया। इसके बाद, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी ने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाई, ये बाइक यात्रा काशी से वडनगर जा रही है।
दिल्ली में जलेंगे कर्तव्य पथ पर 1.25 लाख दीप
वाराणसी के लिए ऐतिहासिक ‘सेवा संकल्प’ बाइक यात्रा रवाना हो चुकी है। वडनगर से ये यात्रा 10 अलग-अलग ग्रुप्स में रवाना हुई है। दिल्ली में भी आज पीएम मोदी के जन्मदिन पर कई कार्यक्रम हैं। कर्तव्य पथ पर 1.25 लाख दीप जलेंगे। सीएम रेखा गुप्ता ने लोगों से शाम 6 से 7 बजे के बीच अपने घरों में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अलीपुर के खाटूश्याम मंदिर में 100 कुंडी हवन किया और पीएम मोदी की लंबी उम्र की कामना की। इसके अलावा, आज दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में रक्त दान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।