Lucknow: राजधानी लखनऊ के इंदिरा कैनाल रोड पर पुलिस ने अंबेडकरनगर के कुख्यात अपराधी संजय उर्फ संजीव को मुठभेड़ में ढेर कर दिया. बता दे कि संजीव पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह कई संगीन आपराधिक मामलों में शामिल था।
संजय उर्फ संजीव (पुत्र हरीराम), मूल रूप से अम्बेडकरनगर जनपद के थाना अहिरौली अंतर्गत ग्राम चक कोदार का निवासी था। वह बीते 27 मई 2026 को लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में हुए चर्चित बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर था और तभी से पुलिस को उसकी सरगर्मी से तलाश थी। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस आयुक्त, लखनऊ द्वारा एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
पुलिस ने बताया कि शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम अपराधियों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान इंदिरा कैनाल रोड पर पुलिस और शातिर अपराधी संजय उर्फ संजीव के बीच आमना-सामना हो गया। खुद को घिरा देख अपराधी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा चलाई गई गोली संजय उर्फ संजीव को लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।