लाभार्थी महिलाओं को सरकार की विभिन्न योजनाओं के संगठन से जोड़ें: सीएम योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय जनता महिला मोर्चा की कार्यकर्ता प्रदेश की आधी आबादी को भाजपा शासन में मिली सुरक्षा और सम्मान का अहसास कराते हुए सरकार की विभिन्न योजना की लाभार्थी महिलाओं को संगठन से जोड़ें। उन्होंने कहा कि मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने यदि सरकार की विभिन्न योजनाओं की लाभार्थी महिलाओं को संगठन से जोड़ लिया तो बूथ से लेकर प्रदेश तक महिलाओं की एक ऐसी मजबूत टीम तैयार होगी जो ना केवल संगठन को मजबूती प्रदान करेगी बल्कि 2022 विधानसभा चुनाव जीतने के लक्ष्य को पूरा करेगी। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति के समापन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खासतौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित पूरे प्रदेश में आधी आबादी को इसका अहसास कराने की आवश्यकता है कि 2017 से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में महिलाओं की स्थिति क्या थी। उन्होंने कहा कि बहनें स्कूल कॉलेज नहीं जा सकती थी, बाजार गई महिलाएं घर सुरक्षित पहुंचेंगी या नहीं यह पता नहीं था। उन्होंने कहा कि लेकिन अब ऐसी स्थिति नहीं है। प्रदेश में अब महिलाओं को भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में अपराधी और माफिया भयभीत है लेकिन बेटियां सुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को महिलाओं के बीच जाकर यह अहसास कराना होगा कि सुरक्षा व सम्मान का यह वातावरण भाजपा सरकार ने दिया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के इस वातावरण के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की स्थिति में सुधार आया है। महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने महिलाओं को स्वरोजगार और रोजगार देकर स्वावलंबी बनाने के लिए अनेक योजनाएं लागू की है। सरकारी नौकरियों में भी महिलाओं को बड़ी संख्या में रोजगार मिला है। केंद्र व प्रदेश सरकार की लाभार्थी परक योजनाओं में भी सबसे अधिक लाभ महिलाओं को मिला है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी विभिन्न स्तर पर हेल्पलाइन और हेल्पडेस्क स्थापित की है। उन्होंने कहा कि मोर्चा की कार्यकर्ता इसका प्रचार प्रसार कर लाभार्थी महिलाओं को संगठन से जोड़ने में सफल होंगी तो मोर्चा की मजबूत टीम खड़ी होगी। उन्होंने हर बूथ पर महिलाएं जुड़ जाएंगी तो बूथ जीतने के साथ चुनाव जीतने के लक्ष्य को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के पास यदि पर्याप्त संख्या बल होगा तो उन्हें प्रतिनिधित्व मिलने से कोई नहीं रोक सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *