Gorakhpur: शारदीय नवरात्र की महानवमी पर सोमवार को सीएम एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में कन्या पूजन किया। उन्होंने नौ दुर्गा स्वरूपा कुंवारी कन्याओं के पांव पखारे और विधि-विधान से पूजन कर आरती उतारी। इसके बाद कन्याओं को चुनरी ओढ़ाकर दक्षिणा और उपहार दिए तथा उनका आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने कन्याओं और बटुकों को अपने हाथों से भोजन भी परोसा।
गोरखनाथ मंदिर के अन्न क्षेत्र के प्रथम तल स्थित भोजन कक्ष में कन्या पूजन का अनुष्ठान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री ने पीतल के परात में जल लेकर नौ कन्याओं के बारी-बारी से पांव धोए। इसके बाद उनके माथे पर रोली, चंदन, दही और अक्षत का तिलक लगाया। पुष्प और शक्तिपीठ की वेदी पर उगाए गए जौ के ज्वारे से पूजन किया। माला पहनाकर और चुनरी ओढ़ाकर कन्याओं को उपहार व दक्षिणा प्रदान की।
पूजन के बाद सीएम योगी ने मंदिर की रसोई में तैयार भोजन प्रसाद कन्याओं और बटुकों को अपने हाथों से परोसा। इस दौरान उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद भी किया। वह इस बात का ध्यान रखते रहे कि किसी भी बच्चे की थाली में प्रसाद की कमी न रहे। इसके लिए उन्होंने मंदिर की व्यवस्था से जुड़े लोगों को आवश्यक निर्देश भी दिए।