Varanasi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र काशी पहुंचे। PM ने मिर्जामुराद के खोचवां में अरविंद लिमिटेड की नई टेक्सटाइल यूनिट का उद्घाटन किया।
करीब 7 एकड़ में फैली इस यूनिट में रोजमर्रा के कपड़े तैयार होंगे। यहां अंडरगारमेंट्स, टी-शर्ट, शॉर्ट्स और लोअर जैसे परिधानों का प्रोडक्शन होगा। कंपनी का प्लान है कि प्रोडक्ट को घरेलू बाजार के साथ-साथ इंटरनेशनल मार्केट में भी भेजा जाएगा। उद्घाटन के बाद PM मोदी ने पूरी फैक्ट्री का निरीक्षण किया। वहां काम कर रही महिला कर्मचारियों से बातचीत की और प्रोडक्शन प्रोसेस के बारे में जानकारी ली।
उद्घाटन के बाद PM का अगला कार्यक्रम नमो घाट पर है। वहां भारतीय वायुसेना का भव्य एयर शो होने वाला है। PM मोदी एयर शो में शामिल होंगे। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और CM योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे।
नमो घाट पर उमड़ा जनसैलाब
एयर शो को लेकर वाराणसी में जबरदस्त उत्साह है। नमो घाट के साथ-साथ आसपास के घाटों पर भी हजारों लोग जुटे हैं। भोसले घाट और गंगा के उस पार रामनगर में भी दर्शकों की भीड़ है। लोग सुबह से ही घाटों पर पहुंचकर जगह ले रहे हैं ताकि एयर शो के हवाई करतब देख सकें। घाटों पर भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने एक्स्ट्रा इंतजाम किए हैं।
सुरक्षा में NDRF-SDRF तैनात
PM के दौरे और एयर शो को देखते हुए नमो घाट और आसपास सुरक्षा टाइट कर दी गई है। जल पुलिस, PAC, NDRF, SDRF के जवानों के साथ गोताखोर भी तैनात किए गए हैं। गंगा में लगातार निगरानी की जा रही है। PM के स्वागत के लिए अलग-अलग समुदायों के लोग तय जगहों पर पहुंच रहे हैं।
एयर शो में सांस्कृतिक रंग
एयर शो स्थल पर सिर्फ हवाई प्रदर्शन ही नहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हो रहे हैं। स्कूली बच्चे अपनी प्रस्तुति दे रहे हैं। गंगा के ऊपर से गुजरते फाइटर प्लेन को देखने के लिए लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। एयर शो के जरिए लोगों को वायुसेना की ताकत को करीब से देखने का मौका मिल रहा है।
इन रास्तों पर ट्रैफिक बंद
PM दौरे की वजह से शहर में रूट डायवर्जन लागू है:
1. चौकाघाट चौराहे से गोलगड्डा और राजघाट तक ऑटो और ई-रिक्शा नहीं चलेंगे।
2. सूजाबाद (पड़ाव) से चौकाघाट की तरफ ऑटो, ई-रिक्शा और बाइक पर रोक।
3. राजघाट पुल और सूजाबाद की ओर से सुबह 7 बजे से मालवाहक वाहनों की एंट्री बंद।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर चेक कर लें।