सत्संग सुनने से ही भवसागर कर सकते हैं पार: पंकज जी महाराज

Ghazipur: ‘‘आपस में सब प्रेम बढ़ायें। खिलकत को खुशहाल बनायें।। नशा त्याग, शाकाहार अपनायें। मां, बहनों की लाज बचायें।। मानव जीवन है अनमोल है। सद्गुरु मिले भेद दें खोल।। मत पियो शराब यह है खराब बड़ी। दोनों जग नशाहारी है।। बदली हिन्दुस्तान तो बदल जाई दुनिया। आदि नारों व संदेशों के साथ जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था, मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत पंकज जी महाराज अपने 83 दिवसीय काफिले के साथ कल सायंकाल हरौली (खेल मैदान कल्याणपुर) पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते समय यहां कार्यक्रम के आयोजन समिति के सदस्यों व भारी संख्या में भाई-बहनों ने गाजे-बाजे, पुष्पवर्षा, सुसज्जित कलशों के साथ काफिले का ‘‘जयगुरुदेव’’ उद्घोष के साथ स्वागत किया।

अपने सम्बोधन में महाराज जी ने कहा कि भवसागर से पार होने के इच्छुक लोगों को सुरत शब्द नाम योग की साधना करने वाले सन्त सद्गुरु की खोज कर उनकी सेवा, सत्संग और नाम की कमाई करनी चाहिये। युगों-युगों से हम लोग कर्मों के बन्धन में पड़ कर 84 लाख योनियों में भटक रहे हैं। जन्म मरण के भयावह पीड़ा को बार-बार झेल रहे हैं। इससे निकलकर अपने देश पहुंचने का रास्ता केवल मनुष्य शरीर से जाता है। यह दुर्लभ मानव शरीर जन्म-जन्म के पुण्य इकट्ठा होने पर युगों-युगों में मिलता है, इसे हमें दुनियादारी में फंस कर नष्ट नहीं करना चाहिये।

सभी को साधना-भजन का रास्ता विधिवत् समझाते हुए बताया कि साधना करोगे तो सुरत (आत्मा) जब शब्द को पकड़कर शरीर से बाहर निकलकर आसमानों का सफर करेगी। जैसे चिड़िया अपने घोषले से निकलकर आसमानों का सफर करके अपने घोषले में वापस आ जाती है। आपका जीवन धन्य हो जायेगा और जीवात्मा जन्म-मरण के बन्धन से मुक्त हो जायेगी। मनुष्य शाकाहारी प्राणी है लेकिन अपनी बुद्धि बल व अविवेकता के कारण जीवों को मारकर मांसाहार करता है, नशा का सेवन करता है, चोरी, बेईमानी, अनाचार, दुराचार करता है। इनकी भारी सजा भुगतना पड़ेगा। सन्त कबीर दास ने कहा ‘‘तिल भर मच्छी खाय के कोटि गऊ दे दान। काशी करवट ले मरै निश्चय नर्क निदान।।’’ समाज के सभी बुद्धिजीवियों, धार्मिक लोगों के साथ ही धर्म की राह से भटक गये लोगों से विनम्र अपील किया कि स्वयं शाकाहारी-सदाचारी व नशामुक्त रहकर समाज को भी ऐसा ही बनाने में सहयोग करें। यह परम सन्त बाबा जयगुरुदेव जी महाराज का अध्यात्मिक-वैचारिक क्रान्ति का महाभियान है।

महाराज जी ने आगामी 3 से 5 मार्च तक जयगुरुदेव मथुरा आश्रम पर होने वाले होली सत्संग मेले में आने का निमन्त्रण दिया। सभी को सत्संग आने, समय देने के लिये साधुवाद देते हुए उनके सुखद भावी जीवन की मंगल कामना किया। शांति व्यवस्था में पुलिस प्रशासन का सहयोग रहा।

इस अवसर पर जंगबहादुर सिंह यादव, हरिलाल राजभर, शिवानन्द यादव, अनिल यादव प्रधान, रामलाल यादव, मनबोध यादव, अवधू सिंह यादव, सहयोगी संगत सीतापुर उत्तरी के अमर सिंह अपने सहयोगियों के साथ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद जनजागरण यात्रा अपने अगले पड़ाव कस्बा कोइरी, शादियाबाद के लिये प्रस्थान कर गई। यहां कल (आज) दोपहर 12 बजे से सत्संग कार्यक्रम आयोजित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *