Ghazipur: मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गौसपुर स्थित गायत्री गंगा घाट पर सोमवार की सुबह नहाने गए तीन दोस्त गहरे पानी में डूब गए। वहां मौजूद नाविकों ने एक युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया। जबकि दो युवक नदी की लहरों में समा गए। स्थानीय गोताखोरों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
तीन दोस्तों में से एक की बची जान
जानकारी के अनुसार शैवटोला शाहनिंदा निवासी अरुण पांडेय (25) पुत्र त्रिलोकी पांडेय और गुलशन कुशवाहा (24) पुत्र संतोष कुशवाहा अपने एक अन्य दोस्त के साथ सोमवार सुबह करीब 7 बजे गौसपुर के गायत्री गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान पैर फिसलने से तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने उन्हें डूबता देख तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद एक युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। लेकिन अरुण पांडेय और गुलशन कुशवाहा तेज धारा और गहरे पानी में समा गए।
इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर
प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि गौसपुर गंगा तट के पास डूबे दोनों युवकों को जिला चिकित्सालय भेजा गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस, गाजीपुर भेज दिया गया है। हादसे की सूचना गांव और परिजनों तक पहुंचते ही मातम छा गया। दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
इसे भी पढ़ें:-गंगा में स्नान के दौरान 7 बच्चियां डूबीं, 3 का शव बरामद, 3 को बचाया, एक की तलाश जारी