बलिदानी अमित तिवारी के नाम से चलेगी रोडवेज बस, 16वीं पुण्यतिथि पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने की घोषणा

Ballia: शहीदों का सम्मान केवल शब्दों से नहीं, बल्कि उनके बलिदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने वाले कार्यों से होना चाहिए। इसी भावना के साथ प्रदेश के परिवहन मंत्री एवं सदर विधायक दयाशंकर सिंह ने रविवार को शहीद अमित तिवारी की 16वीं पुण्यतिथि पर बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि दुबहर इंटर कॉलेज के निकट से लखनऊ तक परिवहन निगम की एक बस शहीद अमित तिवारी के नाम से संचालित की जाएगी। दुबहर में आयोजित सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए परिवहन मंत्री ने कहा कि देश की रक्षा और संप्रभुता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद अमित तिवारी ने अल्पायु में ही माता-पिता, क्षेत्र और राष्ट्र का नाम गौरवान्वित किया। उनका बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। आने वाली पीढ़ियां उनके त्याग और वीरता से प्रेरणा लेकर स्वयं को गौरवान्वित महसूस करेंगी।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अमित दुबे से बेसिक विद्यालय किशुनीपुर में शहीद अमित तिवारी की स्मृति में एक पुस्तकालय स्थापित करने का भी आग्रह किया, ताकि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा मिल सके। गौरतलब है कि दुबहर क्षेत्र के निवासी अमित तिवारी 26 जुलाई 2010 को असम के बोंगाईगांव स्थित पनवाड़ी बाजार में 15वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में तैनाती के दौरान उल्फा उग्रवादियों से लोहा लेते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे।

श्रद्धांजलि सभा में एसएसबी के कमांडेंट ए.के. शर्मा, पूर्व मंत्री नारद राय, अरुण सिंह बंटू, कमलेश सिंह, कमलेश पांडेय, राजनाथ सिंह, अमर गिरी, नंदलाल यादव, गांधी पांडेय, पप्पू पांडेय सहित अनेक जनप्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों ने शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। अध्यक्षता शोकहरण तिवारी ने तथा संचालन नितेश पाठक ने किया। अंत में अमित दुबे ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *