Ayodhya: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को राम नगरी अयोध्या के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे 291 करोड़ रुपये की 245 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. काशीराम कॉलोनी के निकट स्थित रामायण वैक्स म्यूजियम परिसर में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री 47 परियोजनाओं का लोकार्पण और 198 नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे.
बता दें कि सीएम योगी दोपहर करीब 3:30 बजे श्री ऋषभ देव दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री महोत्सव में शामिल होने के साथ ही 923 जिन पुत्रों को समर्पित भव्य मंदिर का शिलान्यास करेंगे. इसके अलावा भगवान आदिनाथ मंदिर के मुख्य द्वार का भी लोकार्पण करेंगे तथा जैन धर्म की सर्वोच्च साध्वी गणिनी प्रमुख ज्ञानमती से भेंट करेंगे.
इसके बाद वे शाम करीब 4:20 बजे महंत नृत्य गोपालदास जी के जन्मोत्सव समारोह में शामिल होंगे. कांशीराम कॉलोनी के पास लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से बने रामायण वैक्स म्यूजियम का शाम करीब 5:10 बजे सीएम योगी लोकार्पण करेंगे. सीएम योगी आदित्यनाथ अयोध्या धाम में रामलला के दर्शन और पूजन भी करेंगे.
इसे भी पढ़ें:-नागपुर को एल्युमिनियम एक्सट्रूजन प्रेस की सौगात, रक्षा मंत्री करेंगे भूमि पूजन