राष्ट्रपति के दौरे से पहले सीएम योगी पहुंचे अयोध्या, चल रही तैयारियों का लिया जायजा

Ayodhya: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार सुबह अयोध्या पहुंचे। राम कथा पार्क हेलीपैड स्थल पर जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया है. इसके बाद सीएम योगी ने सबसे पहले हनुमान गढ़ी पर दर्शन पूजन किया और फिर राम मंदिर, राम जन्मभूमि परिसर पहुंचे, जहां रामलला के दर्शन किए और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। यहां राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक की।

19 मार्च को होगी श्रीराम यंत्र की स्थापना

चैत्र शुक्ल प्रतिपदा 19 मार्च को अभिजीत मुहूर्त दोपहर 12 बजे श्रीराम यंत्र की स्थापना वैदिक आचार्यों के वेद मंत्रोच्चारण से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा किया जायेगा. इस दौरान राष्ट्रपति के राम मंदिर में पहुंचने पर मात्र आधे घंटे पहले यानी 11.30 से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का प्रवेश रोका जाएगा. और दोबारा 1 बजे से श्रद्धालुओं को रामलला का दर्शन प्राप्त होंगे.

अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति के दौरे से संबंधित सभी पहलुओं पर अधिकारियों से जानकारी ली। इसमें सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और साफ-सफाई प्रमुख थे। पार्किंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया। समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

रामोत्सव की झलक भी दिखेगी

नव संवत्सर समारोह के साथ ही रामोत्सव की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं. मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भक्ति संगीत की प्रस्तुति से पूरे वातावरण को उत्सव मय बनाया जाएगा. रामोत्सव का शुभारंभ भी चैत्र प्रतिपदा के दिन 19 मार्च से होगा और रामनवमी के दिन तक संचालित होगा. इन नौ दिनों में राम मंदिर सहित अयोध्या के विभिन्न मठ-मंदिरों में देवी उपासना के साथ श्रीराम की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी.

इसे भी पढ़ें:-देशभर की गैस एजेंसियों में आज भी लगी लंबी कतारें, LPG सप्लाई को लेकर फैली अफरातफरी!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *