Dev Deepawali 2026: दीपावली के ठीक 15 दिन बाद कार्तिक माह की पूर्णिमा तिथि को देव दीपावली का पर्व मनाया जाता है. देव दीपावली के दिन स्नान-दान के अलावा दीपदान का विशेष महत्व है .ऐसी मान्यता है कि इस दिन बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में गंगा जी के तट पर स्वर्ग लोक से संपूर्ण देवी-देवता पृथ्वी पर आकर दीपावली का पर्व मनाते हैं. इसलिए देव दीपावली के दिन काशी में स्नान और दीपदान का विशेष महत्व है. आइए जानते हैं आज देव दीपावली पर कब है दीपदान का शुभ मुहूर्त…
Dev Deepawali 2026 आज
हिंदू पंचांग के अनुसार इस साल कार्तिक पूर्णिमा तिथि 23 नवंबर को रात 11:42 बजे से शुरू होकर 24 नवंबर रात 8:23 बजे तक रहेगी. उदया तिथि के कारण देव दीपावली पर दीपदान आज 24 नवंबर की शाम को किया जाएगा.
देव दीपावली पर शुभ मुहूर्त
देव दीपावली वाले दिन 24 नवंबर शाम के समय यानी प्रदोष काल में 5:08 बजे से रात 7:47 बजे तक रहेगा, जो दीपदान और शिव पूजा के लिए उत्तम है. इस शुभ मुहूर्त में 11, 21, 51, 108 आटे के दीये बनाकर उनमें तेल डालें और किसी नदी के किनारे प्रज्वलित करें.
देव दीपावली पूजा विधि
1. गंगा स्नान / पवित्र स्नान करें
सुबह जल्दी उठकर गंगा नदी या किसी पवित्र नदी में स्नान करें. अगर नदी जाना संभव न हो तो घर पर ही गंगाजल मिलाकर स्नान करें. स्नान के बाद साफ वस्त्र पहनें.
2. व्रत और संकल्प लें
स्नान के बाद हाथ में जल, फूल और अक्षत लेकर देव दीपावली व्रत और दीपदान का संकल्प लें. इस दिन दान-पुण्य का विशेष महत्व है.
3. भगवान शिव और विष्णु की पूजा करें
पूजा स्थल को साफ करके गंगाजल छिड़कें. शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, शहद, बेलपत्र, धतूरा, सफेद फूल और चंदन अर्पित करें. भगवान विष्णु को तुलसी दल और पीले फूल चढ़ाएं. घी का दीपक जलाकर आरती करें.
4. आटे के दीये बनाकर दीपदान करें
11, 21, 51 या 108 आटे के दीये बनाएं. उनमें सरसों का तेल या घी डालकर रुई की बाती लगाएं. प्रदोष काल में नदी के किनारे, गंगा घाट या घर के मंदिर में इन दीयों को प्रज्वलित करें.
5. दीपदान करते समय मंत्र बोलें
दीप जलाते समय मन में यह भाव रखें -“हे गंगा मैया, मेरे सभी पाप नष्ट हों और मेरे परिवार में सुख-शांति बनी रहे.”दीयों को नदी में प्रवाहित करें या घाट पर रख दें.
6. दान जरूर करें
देव दीपावली पर अन्न, वस्त्र, तिल, गुड़, दीपक और दक्षिणा का दान करना बेहद शुभ माना जाता है. गरीबों और ब्राह्मणों को भोजन कराएं.
7. तुलसी पूजा और कथा सुनें
शाम को तुलसी के पौधे के पास भी दीपक जलाएं. कार्तिक पूर्णिमा की कथा सुनें या पढ़ें. इसके बाद परिवार के साथ प्रसाद ग्रहण करें.
नगरी काशी में अलग उल्लास देखने को मिलेगा
देव दीपावली के दिन बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में एक अलग ही उल्लास देखने को मिलता है. इस दिन काशी में गंगा नदी के घाट और मंदिर दीयों की रोशनी से जगमग होते हैं. मानो जैसे संपूर्ण देवी और देवता स्वर्ग से धरती पर आकर शिव नगरी काशी में दिवाली मना रहे हों.इस दिन पूरे वाराणसी में खूब साज-सज्जा की जाती है. देव दीपावली के दिन काशी में देश के अलावा विदेशों से भी श्रद्धालु आते हैं और गंगा स्नान कर शाम के वक्त दीपदान करते हैं. देव दीपावली के दिन वाराणसी में पतित पावनी मां गंगा तट पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं.
क्या है महत्व
पौराणिक मान्यतानुसार कार्तिक माह की पूर्णिमा तिथि के दिन भगवान शिव ने असुरराज त्रिपुरासुर का वध करके देवों को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी. जिसके बाद देवी-देवता प्रसन्न होकर बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में गंगा के तट पर स्नान किया, दीप जलाए और भगवान शिव की पूजा करते हुए खुशियां मनाई.ऐसी मान्यता है कि देव दीपावली के दिन स्वर्ग लोक से सभी देवता आते हैं और गंगा नदी में स्नान कर भगवान शिव की पूजा करते हैं और शाम के वक्त दीपदान करते हैं. इसलिए इस दिन जो लोग काशी में गंगा स्नान कर दीपदान करते हैं, उन्हें सभी प्रकार के पापों से मुक्ति मिल जाती है.
इसे भी पढ़ें:-Gold Price: सोने-चांदी की कीमतों पर लगा ब्रेक, जानिए आज का भाव