Life style: आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में मन को शांत रखना और एकाग्रता बनाए रखना किसी चुनौती से कम नहीं है। काम का दबाव, तनाव और लगातार बढ़ती चिंताएं मानसिक संतुलन को प्रभावित कर सकती हैं। ऐसे में योग और ध्यान की अलग-अलग विधियां मन को शांत रखने में मददगार हो सकती हैं। इन्हीं में से एक है हाकिनी मुद्रा, जिसे एकाग्रता और मानसिक संतुलन से जुड़ी महत्वपूर्ण हस्त मुद्रा माना जाता है। हाकिनी मुद्रा को मस्तिष्क शक्ति मुद्रा या पावर जेस्चर के नाम से भी जाना जाता है। इसका नाम तीसरे नेत्र यानी आज्ञा चक्र की देवी हाकिनी के नाम पर रखा गया है. इस मुद्रा में दोनों हाथों की उंगलियों के सिरों को आपस में हल्के से मिलाया जाता है। माना जाता है कि नियमित अभ्यास से ध्यान केंद्रित करने और मन को स्थिर रखने में मदद मिल सकती है।
क्या है हाकिनी मुद्रा और क्यों है खास
हाकिनी मुद्रा योग और ध्यान की एक विशेष हस्त मुद्रा है। इसे करने के लिए दोनों हाथों की उंगलियों के सिरों को एक-दूसरे से मिलाया जाता है। इस दौरान हथेलियां एक-दूसरे से अलग रहती हैं और उंगलियों पर ज्यादा दबाव नहीं डाला जाता। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने भी हाकिनी मुद्रा को एक सरल और महत्वपूर्ण हस्त मुद्रा के रूप में बताया है। इसे ब्रेन पावर मुद्रा या पावर जेस्चर भी कहा जाता है। योग अभ्यास में इसे एकाग्रता, मानसिक स्थिरता और ध्यान से जोड़कर देखा जाता है।
हाकिनी मुद्रा करने के क्या हैं फायदे
1. एकाग्रता बढ़ाने में मददगार
हाकिनी मुद्रा को ध्यान और एकाग्रता से जुड़ी मुद्रा माना जाता है, नियमित अभ्यास के दौरान व्यक्ति अपने ध्यान को एक जगह केंद्रित करने की कोशिश करता है। इससे मानसिक स्थिरता बनाए रखने और काम पर ध्यान लगाने में मदद मिल सकती है।
2. तनाव और घबराहट कम करने में सहायक
इस मुद्रा का अभ्यास ध्यान और शांत बैठने की प्रक्रिया के साथ किया जाता है, ऐसे में यह तनाव और घबराहट को कम करने में सहायक हो सकती है, लगातार चिंता महसूस करने वाले लोगों को भी इसे ध्यान के अभ्यास के रूप में अपनाने से मानसिक शांति का अनुभव हो सकता है, हालांकि, यह डिप्रेशन या किसी अन्य मानसिक स्वास्थ्य समस्या का चिकित्सकीय इलाज नहीं है।
3. आत्मविश्वास और मानसिक संतुलन
हाकिनी मुद्रा को मानसिक संतुलन और आत्मविश्वास से भी जोड़ा जाता है। इसके अभ्यास से व्यक्ति अपने काम के प्रति अधिक केंद्रित और प्रेरित महसूस कर सकता है. साथ ही, ध्यान के दौरान मन को शांत रखने में भी सहायता मिल सकती है।
4. नींद की गुणवत्ता में सुधार
दिनभर की थकान और तनाव के कारण कई लोगों को रात में अच्छी नींद नहीं आती, ऐसे में सोने से पहले शांत वातावरण में ध्यान के साथ हाकिनी मुद्रा का अभ्यास आराम महसूस कराने में मदद कर सकता है। हालांकि, नींद की समस्या होने पर केवल इस मुद्रा पर निर्भर नहीं रहना चाहिए।
5. शरीर को सक्रिय महसूस कराने में मदद
योग और ध्यान के अभ्यास से मानसिक शांति और आराम का अनुभव हो सकता है। हाकिनी मुद्रा को भी इसी तरह के अभ्यासों में शामिल किया जाता है। नियमित रूप से इसे करने से व्यक्ति खुद को अधिक शांत और मानसिक रूप से सक्रिय महसूस कर सकता है।
हाकिनी मुद्रा करते समय इन बातों का रखें ध्यान
आयुष मंत्रालय और योग संबंधी दिशा-निर्देशों में हाकिनी मुद्रा को सरल हस्त मुद्रा बताया गया है। इसका अभ्यास करते समय कुछ जरूरी सावधानियां बरतनी चाहिए।
- दोनों हाथों की उंगलियों के सिरों को आपस में हल्के से मिलाएं।
- उंगलियों पर ज्यादा जोर या दबाव न डालें।
- अभ्यास के दौरान आरामदायक स्थिति में बैठें।
- सांस सामान्य रखें और मन को शांत करने की कोशिश करें।
- किसी भी तरह की असहजता महसूस होने पर अभ्यास रोक दें।
हाकिनी मुद्रा का अभ्यास सरल है और इसे ध्यान के साथ किया जा सकता है। हालांकि, तनाव, चिंता, डिप्रेशन या नींद से जुड़ी लगातार परेशानी होने पर योग्य चिकित्सक से सलाह लेना जरूरी है। योग और हस्त मुद्राओं को उपचार का विकल्प नहीं, बल्कि सहायक अभ्यास के रूप में अपनाना चाहिए।