Uttar Pradesh: प्रदेश में जनगणना-2027 के तहत स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया सोमवार से शुरू होगी। सीएम योगी आदित्यनाथ लोकभवन में अभियान की शुरुआत करेंगे। देश की पहली डिजिटल जनगणना के दूसरे चरण के तहत प्रदेश में 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना की प्रक्रिया चलेगी। इसके माध्यम से लोग घर बैठे ही ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार और आवास से संबंधित जानकारी दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना के लिए आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in जारी किया गया है। इस पर सबसे पहले भाषा का चयन और मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी से सत्यापन करना होगा। सत्यापन के बाद पसंदीदा भाषा चुनकर घर का पता, डिजिटल लोकेशन और परिवार के सभी सदस्यों का विवरण भरना होगा। फॉर्म जमा करने के बाद एक विशेष स्वगणना पहचान संख्या (एसईआईडी) मिलेगी। इसे सुरक्षित रखना जरूरी है। जनगणना कर्मियों के घर पहुंचने पर उन्हें यह आईडी दिखानी होगी। स्वगणना अनिवार्य नहीं है। ऑनलाइन फॉर्म नहीं भरने वाले परिवारों का विवरण गणनाकर्मी घर जाकर दर्ज करेंगे।
एसईआईडी को रखना होगा सुरक्षित
स्वगणना के तहत फॉर्म भरकर जब सबमिट किया जाएगा तो एक विशेष स्वगणना पहचान संख्या (एसईआईडी) मिलेगी। इसको सुरक्षित रखना होगा। जब जनगणना कर्मी घर पहुंचेंगे तब उनको ये आईडी बतानी होगी। वह उसे सत्यापित करेंगे तब प्रक्रिया पूरी होगी। अगर फॉर्म नहीं भरा होगा तो जनगणना उसी वक्त फॉर्म भरवाकर प्रक्रिया पूरी कराएंगे। घर के मुखिया ही परिवार के सभी सदस्यों का ब्योरा भरेंगे। प्रत्येक व्यक्ति को अलग-अलग लॉगिन नहीं करना है।