20-23 नवंबर तक नमो घाट पर होगा गंगा महोत्सव, 24 नवंबर को 11 लाख से अधिक दीयों से रोशन होगी काशी

Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी में गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की. उन्होंने कहा कि देव दीपावली काशी की पहचान और सांस्कृतिक विरासत का गौरवशाली पर्व है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि पिछले वर्षों के अनुभवों और सामने आई समस्याओं को ध्यान में रखकर इस बार बेहतर इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी को परेशानी न हो.समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष गंगा महोत्सव 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर होगा. चारों दिन सांस्कृतिक संध्या होगी.

100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से अधिक जलंगे दीप

मुख्यमंत्री ने इसमें स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए. अधिकारियों ने बताया कि इस बार सभी पक्के घाटों, गंगा के सामने वाले रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से अधिक दीप जलाए जाएंगे. इसमें महिला स्वावलंबन के तहत स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार दीपक भी शामिल किए गए हैं. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि देव दीपावली का उल्लास केवल घाटों तक सीमित न रहे. ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर और प्रमुख कुंडों पर भी दीपोत्सव के विशेष प्रबंध किए जाएं. 24 नवंबर को ही गुरु नानक जयंती पर गुरुद्वारों में लंगर, कीर्तन और संगत की व्यवस्थाएं भी समय से पूरी की जाएं.

24 नवंबर को ये होंगे मुख्य आयोजन

अधिकारियों ने बताया कि 24 नवंबर की शाम सभी घाटों पर दीप जलेंगे. दशाश्वमेध घाट पर महाआरती होगी. इसके बाद चेतसिंह घाट पर प्रोजेक्शन व लेजर शो, दशाश्वमेध व अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो तथा काशी विश्वनाथ धाम घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी का प्रदर्शन होगा.

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

कार्तिक पूर्णिमा स्नान और देव दीपावली के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आने को देखते हुए पूरे घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटा गया है. घाटों पर 27 वॉच टावर, QRT, 21 प्रमुख घाटों पर एंटी-रोमियो स्क्वॉड, निजी गोताखोर और ड्रोन कैमरे तैनात रहेंगे. 11 खोया-पाया केंद्र बनाए गए हैं.भीड़ नियंत्रण के लिए नमो से अस्सी घाट के बीच फ्लोटिंग वॉटर जेट्टी से टू-वे लेन बनाई गई है. नदी में डीजल चालित और बाहरी नावों पर रोक रहेगी. NDRF, जल पुलिस और वॉटर एम्बुलेंस गश्त करेंगी.

20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान

मुख्यमंत्री ने पूरे शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने और देव दीपावली की रात दीपदान के तुरंत बाद घाटों की सफाई कराने के निर्देश दिए, ताकि अगले दिन भोर में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा न हो.

इसे भी पढ़ें:-UP की 71 विधानसभा सीटों पर BJP ने नियुक्त किए प्रभारी, देखें जिलेवार पूरी लिस्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *