भोजपुर में मां-बेटे की निर्मम हत्या,  बड़ा बेटा-बहू हिरासत में

Bihar: बिहार से सनसनीखेज खबर सामने आई है. यहां मंगलवार की देर रात भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदुनी गांव में मां और बेटे की निर्मम हत्या कर दी गई. कमरे में सोते समय दोनों का धारदार हथियार से गला रेत दिया गया और हथौड़ी से भी वार किए गए. पुलिस घटना की जांच में जुटी हैं।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही जगदीशपुर थानाध्यक्ष आशीष कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रवि कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

इस रूप में हुई मृतकों की पहचान

मृतकों की पहचान तेंदुनी गांव निवासी स्वर्गीय विश्वामित्र सिंह की 60 वर्षीय पत्नी रामवती कुंवर और उनके 30 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार के रूप में हुई है. दोनों के गर्दन, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले हैं।

बता दें कि घटनास्थल से पुलिस ने एक हथौड़ी भी बरामद की है. आशंका है कि हमले में इसका भी इस्तेमाल किया गया है. इस मामले में पुलिस ने मृतका के बड़े बेटे दिनेश कुमार और उसकी पत्नी शांति देवी को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है. दिनेश के एक हाथ पर चोट का निशान भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है।

हिरासत में लिए गए दिनेश कुमार ने पुलिस को बताया

हिरासत में लिए गए दिनेश कुमार ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की देर रात करीब डेढ़ बजे आठ नकाबपोश अपराधी घर में घुस आए. उस समय उसकी मां और छोटा भाई कमरे में सो रहे थे. अपराधियों ने दोनों की हत्या कर दी. दिनेश का दावा है कि मां और भाई को बचाने के प्रयास में उसके हाथ में भी चोट लग गई. हालांकि, पुलिस उसके बयान की सत्यता की जांच कर रही है।

घटना के समय घर में मौजूद लोगों ने नहीं मचाया शोर

पुलिस के मुताबिक, घटना के समय घर में दिनेश और उसकी पत्नी भी मौजूद थे, लेकिन वारदात के दौरान किसी तरह के शोर-शराबे की जानकारी सामने नहीं आई. आसपास के ग्रामीणों को भी तत्काल घटना का पता नहीं चला. बाद में दिनेश ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी. इसके बाद जगदीशपुर थाना की टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस संदिग्धों से कर रही पूछताछ

पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस संपत्ति विवाद सहित हत्या के सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है. फिलहाल, पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *