नये चक्रवाती तूफान से देश के कई राज्यों में होगी झमाझम बारिश, 50 किमी की स्पीड से चलेंगी हवाएं

New Delhi: बंगाल की खाड़ी में एक्टिव हो रहे एक नए चक्रवाती तूफान से देश के कई राज्यों में एक बार फिर से झमाझम बारिश होने वाली है। यह चक्रवाती तूफान 2 नवंबर की शाम के आसपास आंध्र प्रदेश तट तक पहुंच जाएगा। इसके असर से आंध प्रदेश, ओडिशा समेत कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। 

मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, केरल और आंध्र प्रदेश सहित कई राज्यों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। रविवार को इन राज्यों में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है। 

आंधी-तूफान के साथ इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। दक्षिण, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। रविवार को अरुणाचल प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल और माहे में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। 

ओडिशा में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। आंध्र प्रदेश, कर्नाटक के भीतरी इलाकों, केरल, माहे और तेलंगाना में भी कुछ जगहों पर आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं, छत्तीसगढ़, तटीय कर्नाटक, पूर्वी मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और विदर्भ में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *