Lucknow: शारदीय नवरात्र और विजयादशमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्व अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और अन्याय पर न्याय की विजय का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि त्योहार को पूरे उल्लास, उमंग और भाईचारे के साथ मनाएं, लेकिन इस दौरान सुरक्षा और अनुशासन का पूरा ध्यान रखें।
सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम
सीएम योगी ने बताया कि विजयादशमी के मद्देनजर पूरे प्रदेश में सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। रामलीला आयोजनों और रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतला दहन कार्यक्रमों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में होने चाहिए। इसके लिए पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर रहेगा।
बुराइयों को दूर करने का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि विजयादशमी का पर्व हमें जीवन और समाज की बुराइयों को दूर करने का संदेश देता है। समाज में नशा, भ्रष्टाचार, अराजकता, असुरक्षा और आतंकवाद जैसी बुराइयों के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।सीएम ने समाज की एकता को कमजोर करने वाले विघटनकारी और अराजक तत्वों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस विजयादशमी पर सभी नागरिक सामाजिक बुराइयों को खत्म करने और आपसी सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लें।