Weather Update: यूपी के कई जिलों में बीते दिनों से भारी बारिश हो रही है। इस बीच मौसम विभाग ने आज और कल के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. कई जिलों में अत्यधिक भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट है. बारिश के साथ 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है.
इन जिलों में बाढ़ को लेकर अलर्ट
आज़मगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर, अंबेडकर नगर, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोंडा, श्रावस्ती, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, हरदोई, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, अमेठी, फतेहपुर, कानपुर नगर, बांदा, कौशांबी और चित्रकूट के कुछ हिस्सों में भारी बारिश, आंधी-तूफान चल रही है. इसी वजह से अचानक आने वाली बाढ़ के लिए तैयार रहें।
27 सितंबर तक अलर्ट
वहीं भारी बारिश को देखते हुए राज्य सरकार ने 27 सितंबर तक के जिला प्रशासन को अलर्ट पर रखा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारी बारिश, आंधी-तूफान और राज्य में अचानक बाढ़ की स्थिति को देखते हुए संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने और इंतजामों की निगरानी के लिए जमीनी स्तर पर जाकर निरीक्षण करने का निर्देश दिया है। सीएम योगी ने आदेश दिया है कि ‘रेड अलर्ट’ वाले और अचानक बाढ़ की आशंका वाले जिलों में स्कूल बंद रखे जाएं।
कब तक होगी बारिश?
मौसम बुलेटिन के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे दबाव के दक्षिणी ओडिशा तट को पार कर उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने से बना यह मौसमी सिस्टम अगले 12 घंटों तक तीव्र रहने की संभावना है। उसके बाद अगले 12 घंटों में धीरे-धीरे कमज़ोर होकर एक स्पष्ट कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल जाएगा। इस सिस्टम से पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश बढ़ने की उम्मीद है। 25 और 26 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में और 26 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
इसे भी पढ़ें:-Gold Price: सोने की कीमतों में आई बढ़ोतरी, चांदी के दाम स्थिर, जानें आज का रेट