रास्ता न दिला पाएं तो लेखपाल, कानूनगो, तहसीलदार सबको सस्पेंड करो, जनता दर्शन में सीएम योगी का सख्त निर्देश

Gorakhpur: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी करीब 200 लोगों से मिले. उनके पास जाकर समस्याएं सुनीं. उनके प्रार्थना पत्र अपने हाथ में लेकर उसका अवलोकन कर समस्या, शिकायत का संज्ञान लिया. मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि वे परेशान न हों, सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है. हर पीड़ित की समस्या का निस्तारण प्रतिबद्धता के साथ कराया जाएगा.

जनता दर्शन में आई महिला ने मुख्यमंत्री को बताया कि जमीन से जुड़े मामले में दबंग उसे रास्ता नहीं दे रहे हैं. शिकायत करने पर उन्हें इस तरह धमकाया जाता है. कहते हैं कि चाहे जहां शिकायत कर लो, रास्ता नहीं मिलेगा. महिला की बात सुनते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गुस्‍सा आ गया.

महिला की परेशानी और बेबसी देखते ही सीएम योगी आदित्‍यनाथ नाराज हो उठे. उन्होंने कहा, ‘रास्ता न दिलाने पर लेखपाल, कानूनगो, तहसीलदार सबको सस्पेंड करो.’ जनता दर्शन में कुछ अन्य लोगों ने भी जमीन से जुड़े मामलों में राजस्व कर्मियों की तरफ से लापरवाही किए जाने की शिकायत की, जिस पर सीएम ने संबंधित जिलाधिकारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए.

जनता दर्शन में इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे लोगों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार इलाज में पूरी मदद करेगी. इसके लिए जरूरतमंद लोगों का आयुष्मान कार्ड बनवाया जाएगा और इसके बाद भी जरूरत पड़ी तो विवेकाधीन कोष से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने पास में मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर जरूरतमंद, पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए ताकि उन्हें इलाज के लिए परेशान न होना पड़े.

इसे भी पढ़ें:-अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित होंगे तेजस्विन शंकर समेत 17 खिलाड़ी, देखें पूरी लिस्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *