Jharkhand: गुमला के डुमरी थाना क्षेत्र में पुलिस और सुरक्षा बलों को उग्रवाद विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन झारखंड जन मुक्ति परिषद के सब-जोनल कमांडर रामदेव लोहरा समेत चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार रामदेव लोहरा पर पुलिस की ओर से पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था. पुलिस ने इनके पास से हथियार सहित अन्य सामान बरामद किए हैं.
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि JJMP का सब-जोनल कमांडर रामदेव लोहरा डुमरी थाना क्षेत्र के अकासी और जयरागी गांवों के आसपास अपने दस्ते के सदस्यों के साथ घूम रहा है. सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों की टीम ने इलाके में अभियान शुरू किया. अभियान के दौरान टीम ने उग्रवादी रामदेव लोहरा के अलावा अरविंद नायक, मुनेश्वर सिंह और जितेंद्र लोहरा को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से एक एके-56 राइफल व दो मैगजीन, एक एसएलआर राइफल व मैगजीन, एक सेमी-ऑटोमेटिक राइफल, एक 7.65 एमएम पिस्टल और एक देसी कट्टा बरामद की है. इसके अलावा विभिन्न हथियारों के कुल 146 जिंदा राउंड, एक वॉकी-टॉकी, नौ मोबाइल फोन, दो वाई-फाई डोंगल, प्रतिबंधित जेजेएमपी/नक्सली पर्चे और एक बाइक बरामद की गई है.
इसे भी पढ़ें:-हाईकोर्ट में सरकारी नौकरी का मौका, असिस्टेंट ग्रेड-3 के पदों पर आवेदन शुरू, चेक करें डिटेल