मुठभेड़ में घायल आरोपी की इलाज के दौरान मौत, युवक को बनाया था बंधक

Bihar News: बिहार पुलिस अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए लगातार बड़े कदम उठा रही है. इसी क्रम में मसौढ़ी क्षेत्र के अंतर्गत शुक्रवार की शाम पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ में घायल अपराधी की पटना के पारस अस्पताल में मौत हो गई है. मृतक कुख्यात बदमाश की पहचान हैदर के रूप में हुई. इस फायरिंग में दो पुलिसकर्मियों भी घायल हुए है.

युवक को जबरन ले जा रहे थे बदमाश

जानकारी के अनुसार कुछ हथियारबंद लोग एक युवक को कार से लेकर आए और उसे तालाब के पास ले जाकर मारपीट करने लगे. इसके बाद वे युवक को जबरन दूसरी जगह ले जाने की कोशिश कर रहे थे. आसपास के लोगों ने यह देखा तो शोर मचाया. लोगों को अपनी ओर आता देख बदमाशों ने हथियार दिखाकर धमकियां दीं, जिससे इलाके में डर का माहौल बन गया.

पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़

अपहरण की सूचना मिलते ही अपर थानेदार राहुल कुमार अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुँचे. पुलिस बल को देखते ही अपराधियों ने उन पर सीधी गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. इस अचानक हुए हमले में अपर थानेदार राहुल कुमार को दो गोलियां लगीं—एक उनके पैर में और दूसरी हाथ में लगी. वहीं, टीम में शामिल एएसआई संजय कुमार के हाथ में भी एक गोली लगी. फायरिंग के बीच ही बंधक बना युवक अपराधियों के चंगुल से किसी तरह छूटने में कामयाब रहा. पुलिस ने उसे सुरक्षित बचा लिया.

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के गोली लग गई थी जिससे वह घायल हो गया था. पुलिस ने बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था. जहां उसने दम तोड़ दिया है.  

तीन संदिग्ध हिरासत में, कार की तलाश जारी

पुलिस ने घटनास्थल से अपराधियों की एक मोटरसाइकिल बरामद की है. इस मामले में कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस अब उस कार का पता लगा रही है जिससे अपराधी आए थे. बदमाशों के भागने के संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों और पूरे रूट को खंगाला जा रहा है.

इसे भी पढ़ें:-दिल्ली में महंगी हुई बिजली, अब हर महीने बढ़ेगा रेट, इन उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *