Technology: आज के टाइम में स्मार्टफोन हमारी लाइफ का अहम हिस्सा बन गया है, लेकिन लगातार यूज के चलते फोन का ओवरहीट होना एक आम समस्या बनती जा रही है. खासकर गेमिंग, वीडियो एडिटिंग या तेज धूप में फोन यूज करने के दौरान फोन काफी जल्दी हीट हो जाता है. ऐसे में अगर आप भी फोन के बार-बार ओवरहीट होने से परेशान हो गए हैं तो ये कुछ स्मार्ट ट्रिक्स फॉलो कर सकते हैं.
इससे बचने के लिए कौन-कौन से आसान उपाय
1. AI और हैवी ऐप्स को करें कंट्रोल – आजकल कई स्मार्टफोन में AI फीचर्स और हैवी एप्लिकेशन लगातार बैकग्राउंड में चलते रहते हैं. ये ऐप्स प्रोसेसर का ज्यादा यूज करते हैं, जिससे फोन गर्म होने लगता है. जो ऐप्स जरूरत से ज्यादा बैटरी और प्रोसेसर का यूज कर रहे हैं, उन्हें बंद या अनइंस्टॉल कर दें.
2. 5G और हाई रिफ्रेश रेट भी बढ़ा सकते हैं गर्मी – अगर आपके फोन में 5G नेटवर्क और 120Hz या 144Hz रिफ्रेश रेट चालू है, तो फोन ज्यादा पावर का यूज करता है. अगर आपको इसकी जरूरत नहीं है, तो फोन को 4G नेटवर्क पर स्विच कर सकते हैं और रिफ्रेश रेट को 60Hz पर सेट कर सकते हैं. इससे फोन पर दबाव कम होगा और बैटरी भी ज्यादा चलेगी.
3. परफॉर्मेंस मोड और गेम मोड रखें बंद – कई स्मार्टफोन में परफॉर्मेंस मोड या गेम मोड का ऑप्शन दिया जाता है. यह फीचर फोन को मैक्सिमम कैपेसिटी पर चलाता है जिससे गेमिंग और भारी काम बेहतर तरीके से हो सकें, लेकिन लंबे समय तक इस मोड का यूज करने से फोन काफी गर्म हो सकता है. अगर फोन जरूरत से ज्यादा गर्म हो रहा है तो इन मोड्स को बंद करके देखें.
4. चार्जिंग के दौरान फोन यूज करना पड़ सकता है भारी – फोन गर्म होने की सबसे बड़ी वजहों में से एक चार्जिंग के समय उसका यूज करना है. जब फोन चार्ज हो रहा होता है और उसी समय आप वीडियो देखते हैं, गेम खेलते हैं या कॉल पर बात करते हैं, तो बैटरी और प्रोसेसर दोनों पर दबाव बढ़ जाता है. इससे टेंपरेचर तेजी से बढ़ सकता है. विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि चार्जिंग के दौरान फोन का यूज कम से कम करें.
5. सीधी धूप से फोन को बचाकर रखें – गर्मियों में फोन को कार के डैशबोर्ड, बालकनी, खिड़की या सीधी धूप वाली जगह पर छोड़ना खतरनाक हो सकता है. धूप की गर्मी फोन के अंदर के टेंपरेचर को तेजी से बढ़ा देती है. इसलिए बाहर निकलते समय फोन को बैग या छायादार जगह पर रखें.
6. स्क्रीन की ब्राइटनेस कम रखें – बहुत ज्यादा ब्राइटनेस पर फोन चलाने से बैटरी पर ज्यादा दबाव पड़ता है, जिससे गर्मी बढ़ सकती है. ऐसे में ऑटो ब्राइटनेस का यूज करें या जरूरत के अनुसार स्क्रीन की ब्राइटनेस कम रखें.
7. हमेशा ओरिजिनल चार्जर का ही यूज करें – सस्ते और नकली चार्जर न केवल बैटरी को नुकसान पहुंचाते हैं बल्कि फोन को जरूरत से ज्यादा गर्म भी कर सकते हैं. ऐसे में ओरिजिनल चार्जर और केबल का यूज करना सबसे सुरक्षित माना जाता है.
8. खराब नेटवर्क की स्थिति- कमजोर सिग्नल वाले क्षेत्रों में कनेक्ट होने में परेशानी हो रही है? स्थिर कनेक्शन खोजने के प्रयास में आपका फोन अधिक ऊर्जा खर्च करता है, जिससे वह अधिक गर्म हो जाता है. यही कारण है कि मोबाइल उपयोगकर्ता अक्सर यात्रा के दौरान या कम सिग्नल वाले क्षेत्रों में फोन के गर्म होने की समस्या का सामना करते हैं.
फोन ज्यादा गर्म हो जाए तो क्या करें?
अगर फोन जरूरत से ज्यादा गर्म हो गया है तो घबराने की जरूरत नहीं है. इसको नॉर्मल कनरे के लिए फोन का कवर निकाल दें. सभी गैर-जरूरी ऐप्स बंद कर दें. एयरप्लेन मोड ऑन कर दें. फोन को कुछ देर यूज न करें. पंखे या एसी वाली जगह पर रखें. धूप से दूर रखें.
इसे भी पढ़ें:-भारत दौरे पर आए नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल, दिल्ली में एस. जयशंकर के साथ की बैठक