Gujarat news: गुजरात पुलिस और क्राइम ब्रांच ने अहमदाबाद में गैर-कानूनी तरीके से रह रहे बंगलादेशी नागरिकों के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन शुरू किया है। पूरे ऑपरेशन के दौरान बांग्लादेशी होने के शक में कुल 291 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। जिसमे से कड़ी पूछताछ के बाद 131 अवैध घुसपैठियों को अरेस्ट कर लिया गया, जबकि बाकी 160 लोगों एजेंसियां कड़ी पूछताछ कर रहीं हैं.
जॉइंट पुलिस रेड में कामयाबी
यह ऑपरेशन अहमदाबाद क्राइम ब्रांच और लोकल पुलिस स्टेशनों की अलग-अलग टीमों ने मिलकर प्लान किया था। इसका मकसद शहर में किसी भी बड़ी एंटी-नेशनल एक्टिविटी को रोका जा सके साथ ही गैर-कानूनी तरीके से रह रहे लोगों का पता लगाया जा सके।
क्राइम ब्रांच की टीमों ने खास तौर पर उन इलाकों को टारगेट किया, जो बांग्लादेशी घुसपैठियों के गढ़ माने जाते हैं। जिसमें, चंदोला झील, गुलाबनगर और दानिलिमडा के खोडियारनगर के आसपास के झुग्गी-झोपड़ियों वाले इलाके शामिल थे। पुलिस वैन को अचानक आते देख इन इलाकों में भारी भगदड़ और हंगामा मच गया। सरकारी कागजात और सबूतों की डिटेल से जांच शुरू की गई।
जिन 131 लोगों के बांग्लादेशी होने का सबूत मिला है, उन पर फॉरेनर्स एक्ट और इमिग्रेशन एक्ट के तहत केस दर्ज किया जाएगा, उन्हें जेल भेजा जाएगा और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें देश से निकाला जाएगा। लेकिन, पुलिस के लिए अभी सबसे बड़ी चुनौती बाकी 160 लोग हैं, जिनसे पूछताछ जारी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए कई लोग सालों से यहां मजदूरी या दूसरी छोटी-बड़ी नौकरियों के बहाने स्थानीय लोगों के साथ घुलमिलकर रह रहे थे।
इस ऑपरेशन से न सिर्फ घुसपैठियों का बल्कि स्थानीय एजेंटों के एक बड़े नेटवर्क का भी पर्दाफाश होने की उम्मीद है, जो उन्हें गैर-कानूनी तरीके से भारत में तस्करी करके लाते थे, उन्हें नकली पहचान पत्र देते थे और उन्हें पनाह देते थे।