Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन दिनों गोरखपुर में मौजूद हैं. मंगलवार की सुबह उन्होंने पूर्व की भांति मंदिर में पूजा अर्चना की और परिसर में स्थित अपने गुरुजनों की समाधि पर पहुंचकर मत्था टेका. इसके बाद गायों के पास पहुंचे और अपने हाथों से गुड़ चना खिलाया और उन्हें दुलारा. सीएम ने मंदिर परिसर में जनता दर्शन के दौरान आए लोगों की समस्याएं सुनकर उन्हें आश्वस्त किया. इस दौरान उन्होने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं पर त्वरित संवेदनशीलता दिखाते हुए पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए.
सीएम योगी ने सुनी लोगों की समस्याएं
गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी करीब 200 लोगों से मिले. महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने कुर्सियों पर बैठे लोगों तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं. उनके प्रार्थना पत्र लिए तथा समीप खड़े अफसरों को समस्या समाधान हेतु आवश्यक दिशानिर्देश दिए.
धन के अभाव में नहीं रुकेगा इलाजः सीएम योगी
जमीन कब्जा किए जाने से संबंधित शिकायतों पर सीएम योगी ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से कहा कि यदि कोई दबंग किसी की जमीन पर जबरन कब्जा कर रहा हो तो, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए. जनता दर्शन में हर बार की तरह इस बार भी कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए थे. सीएम योगी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा.
सीएम योगी ने बच्चों को दुलारा
उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया कि जो भी जरूरतमंद हैं, प्रशासन उनके उच्चस्तरीय इलाज का एस्टीमेट शीघ्रता से बनवाकर उपलब्ध कराए. एस्टीमेट मिलते ही सरकार तुरंत धन उपलब्ध कराएगी. जनता दर्शन में कुछ महिलाओं के साथ उनके बच्चे भी आए थे. सीएम योगी ने उन बच्चों को दुलारा और चॉकलेट के साथ आशीर्वाद दिया.
इसे भी पढ़ें:-बंगाल में इस डेट को होगा नई सरकार का शपथ ग्रहण… कौन बनेगा सीएम?